
Bareilly News: रोडवेज मेरठ डिपो की बस की चेकिंग के दौरान क्षेत्रीय प्रवर्तन दल के सहायक टिकट निरीक्षक (एटीआई) पर परिचालक से पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। रुपये देने से इन्कार करने पर प्रवर्तन दल के चालक ने बीच सड़क परिचालक पर जूते बरसा दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रोडवेज महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गूंज सीधे मुख्यालय तक पहुंची, जिसके बाद प्रबंध निदेशक ने रिपोर्ट तलब कर ली है।
बृहस्पतिवार को एटीआई महेशपाल के नेतृत्व में प्रवर्तन दल रोडवेज बसों की चेकिंग पर निकला था। टीम ने चंदौसी रोड पर मेरठ डिपो की एक बस को रोककर जांच की। जांच के दौरान एक बच्ची हाफ टिकट पर यात्रा करती मिली। आरोप है कि इसी बात को आधार बनाकर एटीआई ने बस परिचालक से पांच हजार रुपये की मांग कर दी। परिचालक द्वारा रुपये देने से मना करने पर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर बस से कई यात्री नीचे उतर आए। इसी दौरान प्रवर्तन दल की कार के चालक सुरंजन ने आपा खो दिया और गाली-गलौज करते हुए परिचालक पर जूते से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। करीब 55 सेकेंड के वीडियो में चालक परिचालक को जूतों से पीटता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में एटीआई बॉडी वार्न कैमरे से लैस दिखाई दे रहे हैं, लेकिन घटना की कोई रिकॉर्डिंग सामने नहीं आई। इससे पूरे मामले में पारदर्शिता और प्रवर्तन दल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। रोडवेज कर्मचारियों के बीच भी इस घटना को लेकर नाराजगी है।
यह पहला मामला नहीं है जब प्रवर्तन दल विवादों में आया हो। इससे पहले बदायूं रोड पर तैनात एटीआई भानु प्रताप सिंह का वीडियो भी वायरल हुआ था। उनके अधिकार क्षेत्र में बेटिकट यात्रियों के पकड़े जाने और अधिकारियों से अभद्रता के आरोप लगे थे, लेकिन कार्रवाई जांच तक सीमित रह गई। ऐसे में लगातार सामने आ रहे मामलों ने रोडवेज की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
वायरल वीडियो मुख्यालय तक पहुंचने के बाद रोडवेज प्रबंधन हरकत में आ गया है। प्रभारी क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। वीडियो में एटीआई और वाहन चालक झगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जा रही है।