बरेली

साधू ने बच्ची के साथ की शर्मनाक हरकत, शोर मचाने पर आया पकड़ में

बच्ची के शोर मचाने पर परिजन जाग गए और ढोंगी बाबा को पकड़ लिया और बाबा की पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी।
2 min read
Apr 15, 2018
Molest girl

बरेली। इस समय पूरे देश में बच्चियों के साथ होने वाली शर्मनाक घटनाओं को लेकर रोष है बावजूद इसके बच्चियों के साथ यौन शोषण के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। कहीं कोई बाहर का आदमी बच्चियों के साथ दरिंदगी कर रहा है तो कहीं बच्ची अपने ही रिश्तेदार की बुरी नियत का शिकार हो रही हैं। ऐसा ही एक मामला बरेली में सामने आया है जहां पर एक साधू ने कक्षा तीन की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। बहेड़ी का रहने वाला साधू सीबीगंज में अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था जहां पर उसने अपने रिश्तेदार की बच्ची को ही अपनी हवस का शिकार बनाना चाहा लेकिन बच्ची के शोर मचाने पर साधू को परिजनों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी और पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

रात में की छेड़छाड़

बहेड़ी के सिंधौरा निवासी बाबा रूप सिंह शनिवार को सीबीगंज के महेशपुर अपने एक रिश्तेदार के घर आया था रात को खाना खाने के बाद सभी लोग सोने चले गए। बाबा ने रिश्तेदार की बच्ची को 10 रुपए का लालच देकर अपने साथ सुला लिया। आरोप है कि आधी रात को बाबा ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। बच्ची के शोर मचाने पर परिजन जाग गए और ढोंगी बाबा को पकड़ लिया और बाबा की पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची सीबीगंज पुलिस ने बाबा को गिरफ्तार कर लिया।


मुकदमा हुआ दर्ज

परिजनों की शिकायत पर पुलिस बाबा को पकड़ कर सीबीगंज थाने ले आई और बाबा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीबीगंज थाने के प्रभारी सतेंद्र पंवार ने बताया कि आरोपी बाबा पीड़ित लड़की के पिता का रिश्तेदार है और उसके खिलाफ आईपीसी और पॉस्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Published on:
15 Apr 2018 10:11 pm