बरेली

ज्यादा ली गई फीस वापस करेंगे स्कूल, अधिक फीस लेने पर कार्रवाई

फीस वसूली के लिए जो शासनादेश जारी हुआ है उससे अधिक फीस वसूलने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।
2 min read
• •
Updated: 6 Jul 2018, 2:59 PM IST
Commissioner Dr PV Jagmohan
ज्यादा ली गई फीस वापस करेंगे स्कूल, अधिक फीस लेने पर कार्रवाई

बरेली। मनमानी फीस वसूलने वाले स्कूलों पर लगाम लगाने के लिए कमिश्नर ने कमर कस ली है। कमिश्नर डॉक्टर पीवी जगनमोहन ने साफ कर दिया है कि जिन स्कूलों ने मानक से ज्यादा फीस वसूली है उन्हें या तो बढ़ी हुई फीस वापस करनी होगी या फिर आगे की फीस में एडजस्ट करनी होगी। कमिश्नर ने यह भी कहा कि फीस वसूली के लिए जो शासनादेश जारी हुआ है उससे अधिक फीस वसूलने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाएगी।

कमिश्नर ने ली बैठक

स्कूलों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए कमिश्नर ने निजी स्कूलों में फीस नियंत्रण सम्बन्धी मण्डलीय समिति की बैठक बुलाई थी। बैठक में बताया गया कि मण्डल के प्रत्येक जनपद में निजी स्कूलों से उनके फीस स्ट्रक्चर के अभिलेख दो जुलाई तक मांगे गये थे ताकि उनका परीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई की जा सके। बरेली में एक स्कूल, पीलीभीत में तीन स्कूलों ने अभिलेख नहीं दिये जिन्हें डिफॉल्टर मानते हुये कमिश्नर ने उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिये। जिन स्कूलों द्वारा अभिलेख दिये गये हैं उनका डीआईओएस एवं उनके लेखा अधिकारी द्वारा परीक्षण किया जा रहा है जिसकी रिपोर्ट कमिश्नर ने मांगी ताकि जिन स्कूलों में अध्यादेश के विपरीत अधिक फीस वसूलना पाया जाता है उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी तथा ज्यादा ली गई फीस वापस/एडजस्ट कराने की कार्रवाई करायी जायेगी।

इतनी बढ़ा सकते हैं फीस

कमिश्नर ने बड़े साफ स्पष्ट शब्दों में कहा कि मनमानी ढ़ंग से अधिक फीस नहीं वसूलने दी जाएगी। अध्यादेश में फीस वृद्धि के स्पष्ट मानक दिये गये हैं सभी स्कूलों की इसकी प्रति भी उपलब्ध करायी जा चुकी है। स्कूल अपना फीस स्ट्रक्चर नेट पर, स्कूल ब्रासर में व स्कूल कैम्पस में प्रदर्शित करें ताकि अभिवावक उसे जानें। बैठक में बताया गया कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर स्कूल वर्ष 2015-16 में 9.83 प्रतिशत, वर्ष 2016-17 में 8.89 प्रतिशत व वर्ष 2018-19 में अधिकतम 9.28 प्रतिशत फीस वृद्धि कर सकते हैं जिसमें शिक्षकों को दिये जाने वाले वेतन की बढ़ोत्तरी के तहत आंकलन होगा।

Published on: