बरेली

परिवार से बगावत कर अजय की दुल्हनिया बनी सिमरन, अब पिता से बताया जान का खतरा, पुलिस तक पहुंचा मामला

परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेमी अजय पाल मौर्य से शादी करने वाली सिमरन ने अब अपने ही मायके वालों से जान का खतरा बताया है। पति के साथ सीओ बहेड़ी के सामने पहुंची सिमरन ने सुरक्षा की गुहार लगाई।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
bareilly
पति के साथ शिकायत करने पहुंची पीड़िता। फोटो-Avnish Pandey

Bareilly News: परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेमी अजय पाल मौर्य से शादी करने वाली सिमरन ने अब अपने ही मायके वालों से जान का खतरा बताया है। पति के साथ सीओ बहेड़ी के सामने पहुंची सिमरन ने सुरक्षा की गुहार लगाई। उसका दावा है कि हाईकोर्ट से सुरक्षा का आदेश मिलने के बावजूद उसे और उसके पति को लगातार डर बना हुआ है। सीओ बहेड़ी ने मामले में उचित कार्रवाई और सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

देवरनिया थाना क्षेत्र के गांव बकैनिया स्वाले निवासी सिमरन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 18 वर्ष की है और अपनी इच्छा से फैसला लेने में सक्षम है। उसने पांच सितंबर 2026 को बकैनिया स्वाले निवासी भगवान दास मौर्य के पुत्र अजय पाल मौर्य से अपनी मर्जी से विवाह किया था। सिमरन के मुताबिक इस शादी से उसके मायके वाले नाराज हैं।

पिता समेत मायके वालों पर लगाए गंभीर आरोप

सिमरन ने प्रार्थना पत्र में अपने पिता आशु गुप्ता समेत मायके पक्ष के अन्य लोगों से अपनी और पति की जान को खतरा होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि परिवार ने इस विवाह को स्वीकार नहीं किया है। इसी आशंका को देखते हुए दंपती ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सिमरन के मुताबिक उसने और अजय ने सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट में रिट दाखिल की थी। उसका दावा है कि 15 सितंबर को हाईकोर्ट ने दंपती को सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया। इसके बाद 23 सितंबर को वह पति के साथ एसएसपी बरेली के समक्ष भी पेश हुई और हाईकोर्ट के आदेश की प्रति देकर सुरक्षा मांगी।

चौकी पुलिस पर धमकाने का भी आरोप

सिमरन ने अपने शिकायती पत्र में सिंधौरा चौकी पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि सुरक्षा देने के बजाय पुलिसकर्मी उसके पति को फोन कर उनका ठिकाना पूछ रहे हैं और कथित तौर पर पकड़कर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित पुलिसकर्मियों का पक्ष सामने नहीं आया है। सुरक्षा को लेकर सिमरन अब पति अजय पाल मौर्य के साथ सीओ बहेड़ी अरुण कुमार के पास पहुंची। उसने हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कराने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ ने प्रकरण को गंभीरता से देखने और दंपती की सुरक्षा को लेकर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।