बरेली

गन्ना किसानों के लिए सबसे जरूरी ख़बर, अगर नहीं किया ये काम तो सीजन में होना पड़ेगा परेशान

अगर किसी गन्ना किसान ने सर्वे नहीं कराया है तो ठीक समय पर सर्वे का काम पूरा करवा लें।  
2 min read
• •
Updated: 24 Jun 2018, 4:47 PM IST
sugarcane survey
गन्ना किसानों के लिए सबसे जरूरी ख़बर, अगर नहीं किया ये काम तो सीजन में होना पड़ेगा परेशान

बरेली। पेराई सत्र 2018-19 के लिए गन्ना सर्वे का काम जोर शोर से चल रहा है। अगर किसी गन्ना किसान ने सर्वे नहीं कराया है तो ठीक समय पर सर्वे का काम पूरा करवा लें जिससे कि उसे पेराई सत्र में कोई दिक्कत न आए और उसे सही समय पर पर्ची उपलब्ध हो सके।

तेजी से चल रहा सर्वे

कमिश्नर डॉ पीवी जगन मोहन ने बताया कि पेराई सत्र 2018-19 के लिए बरेली मण्डल के चारों जिलों में सर्वे कार्य तेजी से चल रहा है। मण्डल में 373 टीम द्वारा गन्ना सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। मण्डल के 7187 ग्रामों में से 1956 ग्रामों में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है। मण्डल का सम्भावित गन्ना रकबा लगभग 3.25 लाख हेक्टेयर के सापेक्ष 1,02, 460 हेक्टेयर का सर्वे पूर्ण हो गया है, जो लगभग 31.5 प्रतिशत है।

क्या करें किसान

कमीश्नर ने कहा कि गन्ना कृषक अपने धारित गन्ना क्षेत्रफल का घोषणा पत्र सर्वे टीम को अवश्य उपलब्ध करा दें अन्यथा आगामी पेराई सत्र में उनके सट्टे संचालित नहीं किये जायेंगे। सर्वे के दौरान गन्ना समिति सदस्यों का सत्यापन भी किया जा रहा है। मृत सदस्यों के नाम सदस्यता सूची से खारिज किया जा रहा है। वारिस सदस्यों के नाम आवेदन के उपरान्त सूची में जोडे़ जा रहे हैं। गन्ना कृषक समिति से सम्पर्क स्थापित कर वांछित अभिलेखों के साथ अपना नाम मृतक सदस्य के स्थान पर जुड़वा सकते हैं। दिनांक 6 जुलाई 2018 से 21 जुलाई 2018 तक गन्ना क्षेत्रफल आंकड़ों का ग्रामवार प्रदर्शन किया जा रहा है। गन्ना कृषक/परिषद/समिति/चीनी मिल से जानकारी प्राप्त कर गन्ना क्षेत्रफल की जांच कर सकते है। त्रुटि पाये जाने पर मौके पर ही संशोधन भी करा सकते हैं।

खेत पर उपस्थित रहें किसान

कमिश्नर ने कहा कि गन्ना सर्वे कार्य त्रुटि रहित एवं गुणवत्ता तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिये है। कृषको से अपील की है कि कृषक सर्वे के समय खेत पर उपस्थ्ति रहें, पौधा/पेड़ी एवं प्रजाति सही-सही दर्ज करायें, अपना धारित खेत अपने नाम सर्वे में दर्ज कराए, कृषि योग्य भूमि की खतौनी एवं हिस्सा भी सर्वेयर को उपलब्ध करायें। कृषक यदि सर्वे के समय सावधानी बरतेंगे तो उन्हे सीजन में सही समय पर अपनी पर्ची प्राप्त होगी। सर्वे कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है। सर्वे कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजकतत्वों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं मे तत्काल प्राथमिकी दर्ज करा दी जायेगी।

Published on: