बरेली

उत्तर प्रदेश में शुरू होगी टेलीमेडिसिन सुविधा: सिद्धार्थनाथ सिंह

स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा है कि जल्द ही सरकारी अस्पतालों की सूरत बदलने वाली है, एक फोन पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
2 min read
• •
Updated: 23 Sep 2017, 9:39 PM IST
Sidharthnath Singh

बरेली। स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा है कि प्रदेश में जल्द ही स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार आएगा और अब अस्पताल जनता के द्वार तक पहुंचेगा इसके लिए जल्द ही प्रदेश में टेलीमेडिसिन की सुविधा शुरू की जा रही है। छह क्लस्टर बनाकर इस सुविधा का आरम्भ किया जाएगा। इस सुविधा के शुरू हो जाने से दूर दराज के लोगों को आसानी से इलाज मुहैया हो जाएगा। टेलीमेडिसिन के लिए जल्द ही प्रदेश सरकार टेंडर प्रक्रिया शुरू कर देगी।

टोल फ्री नम्बर पर कॉल से मिलेगा इलाज

शनिवार को श्री राम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस द्वारा शुरू की गई मोबाइल टेलीमेडिसिन बस सेवा एवं टेलीमेडिसिन हेल्थ सेंटर का उद्घाटन करने बरेली पहुंचे सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि आने वाले एक माह में सरकार ऐसी व्यवस्था करने वाली है जिसमें दूर दराज इलाके में बैठा व्यक्ति अपने फ़ोन से टोल फ्री नम्बर पर कॉल करके इलाज प्राप्त कर सकेगा और यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।


अस्पतालों की अब तस्वीर बदलने वाली है

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और भी बेहतर बनाने के लिए सरकार बनने के बाद से अभी तक लगभग 3000 डॉक्टरों की तैनाती की जा चुकी है उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी ज़िला अस्पतालों की अब तस्वीर बदलने वाली है। अब अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी नहीं रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश के पांच जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने पर विचार किया जा रहा है।


नहीं खुलेगी नई सीएचसी-पीएचसी

एक सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिलहाल नई सीएचसी-पीएचसी नही खुलेंगी। पहले पुरानी सीएचसी और पीएचसी में सुधार किया जाएगा। सुधार होने के बाद ही नई सीएचसी-पीएचसी खोली जाएंगी।


जिला अस्पताल में खुलेगा डायलिसिस सेंटर

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बरेली में बन रहे 300 बेड के अस्पताल का काम 76 प्रतिशत पूरा हो चुका है जल्द ही ये बन कर तैयार हो जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि 100 बेड का अस्पताल बनकर तैयार है उसे हैंडओवर किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस की भी सुविधा भी उपलब्ध होगी।


अफसरों के साथ की बैठक

स्वास्थ्य मंत्री ने मण्डल भर से आए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और अफसरों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रत्येक शनिवार को पीएचसी, सीएचसी व अन्य अस्पतालों में वहां के डाक्टर, स्टाफ सभी लोग 'स्वच्छता ही सेवा है' के भाव से अस्पताल में दो घंटे स्वच्छता कार्य कर अस्पताल को साफ सुथरा रखेंगे। 25 सितम्बर से दो अक्टूबर तक नगर निकायों में स्वास्थ कैम्प लगेंगे जिसमें स्थानीय विधायकों से उद्घाटन/शुभारम्भ कराएं।

Published on: