Husband Wife Dispute Case: महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उस पर देह व्यापार करने के लिए दबाव बनाता है। साथ ही उसके साथ मारपीट भी करता है। जानिए पूरा मामला क्या है?
Husband Wife Dispute Case: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया है। बारादरी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से शिकायत करते हुए बताया कि उसका पति उसे देह व्यापार करने के लिए मजबूर करता है और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता है।
पीड़िता के अनुसार, उसका पति कोई काम-धंधा नहीं करता और पूरी तरह उस पर निर्भर है। महिला मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, लेकिन पति अक्सर उससे पैसे की मांग करता है। जब वह पैसे देने में असमर्थ रहती है, तो वह उसे गलत रास्ते अपनाने के लिए दबाव डालता है। महिला का कहना है कि पति बार-बार उससे कहता है कि वह देह व्यापार कर पैसे लाए। महिला का कहना है कि उसका पति उसे धमकी देता है, '' देह व्यापार कर रुपये लाओ, नहीं लाई तो वह खुद जान दे देगा।''
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए आत्महत्या का नाटक करता है। एक बार उसने तेजाब पीकर जान देने का ड्रामा भी किया, ताकि महिला डरकर उसकी बात मान ले। इस तरह की हरकतों से महिला और उसके बच्चों पर गहरा मानसिक असर पड़ रहा है।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने पति की बात मानने से इनकार किया, तो उसने उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इतना ही नहीं, घर में रखा घरेलू सामान भी बेच दिया। इस घटना के बाद महिला ने बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां से उसे कोई राहत नहीं मिली।
जब स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं हुई, तो महिला ने SSP से न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP ने जांच के आदेश दिए हैं। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।