
बाड़मेर। पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के शुभारंभ के बाद प्रदेश में ऊर्जा अवसंरचना और औद्योगिक निवेश और रोजगार को नया विस्तार मिलने लगा है। रिफाइनरी परियोजना से जुड़े विकास कार्यों को गति देने के लिए एचपीसीएल पहले चरण में प्रदेशभर में 304 नए पेट्रोल पंप स्थापित करेगा। इन रिटेल आउटलेट्स की स्थापना पर लगभग 400 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा।
इसके लिए राजस्थान सरकार सरकारी भूमि लीज पर उपलब्ध कराने की नई नीति तैयार कर रही है, जिसे 31 जुलाई तक अंतिम रूप दिए जाने का लक्ष्य रखा गया है। हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंडापुरा में एचपीसीएल के फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन कर इस विस्तार अभियान को नई गति दी है।
रिफाइनरी उद्घाटन से एक दिन पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गत शुक्रवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित मंडापुरा में एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन किया। उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त फूड प्लाजा भी आमजन को समर्पित किया। एचपीसीएल अधिकारियों के अनुसार यह आउटलेट राजस्थानी संस्कृति और स्थानीय वास्तुकला को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यहां ईंधन सेवाओं के साथ आधुनिक फूड प्लाजा, स्वच्छ परिसर और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने एचपीसीएल तथा एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) के अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर बताया कि प्रदेश में नए रिटेल आउटलेट स्थापित करने के लिए 304 स्थानों की पहचान की जा चुकी है। इन आउटलेट्स की स्थापना पर एचपीसीएल लगभग 400 करोड़ रुपए का निवेश करेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई तक नई नीति तैयार कर सरकारी भूमि एचपीसीएल को लीज पर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परियोजना को समयबद्ध गति मिल सके। वहीं एचपीसीएल और एचआरआरएल ने आरटीपीपी अधिनियम के तहत सरकारी विभागों द्वारा ईंधन खरीद में प्रेफरेंशियल सप्लायर का दर्जा दिए जाने का अनुरोध भी किया। ऐसे में राज्य सरकार ने इन सभी पहलों को तय समयसीमा में आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
| कुल लागत | 79,459 करोड़ |
| रिफाइनिंग क्षमता | 9 एमएमटीपीए |
| पेट्रोकेमिकल क्षमता | 2.4 एमएमटीपीए |
| नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स | 17.0 |
| पेट्रोकेमिकल इंटेंसिटी इंडेक्स | 26% |