बाड़मेर

जोधपुर रेंज में 5 महिला हिस्ट्रीशीटर, बाड़मेर-जैसलमेर में एक भी नहीं

फेक्ट फाइल - 1559 हिस्ट्रीशीटर है जोधपुर रेंज में- 05 महिला हिस्ट्रीशीटर जोधपुर व पाली में

2 min read
जोधपुर रेंज में 5 महिला हिस्ट्रीशीटर, बाड़मेर-जैसलमेर में एक भी नहीं

-

दलपत धतरवाल

बालोतरा. समाज के हर क्षेत्र में महिलाएं पुरुषों से प्रतिस्पर्धा कर रही है, लेकिन अपराधों के मामलों में महिलाएं पुरुषों की प्रतिस्पर्धा नहीं कर रही है। यह समाज के लिए अच्छी खबर है। जोधपुर कमिश्नरेट व जोधपुर रेंज में 1559 हिस्ट्रीशीटरों में केवल 5 महिलाओं के नाम ही दर्ज है। पुलिस विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ें बयां कर रहे हैं कि महिलाओं का अपराधों से दूर-दूर तक कहीं कोई वास्ता नही है। जोधपुर रेंज के 6 जिलों में से 5 जिलों में एक भी महिला हिस्ट्रीशीटर नहीं है।
पुलिस की ओर से आदतन अपराधियों, कुख्यात बदमाशों व तस्करों पर लगातार निगरानी रखने के लिए थानावार हिस्ट्रीशीट खोली जाती है, उसमें अपराधी के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों का पूरा ब्यौरा रहता है। पुलिस व समाज की ओर से अपराधी माने जाने वाले हिस्ट्रीशीटर की सूची में जोधपुर कमिश्नरेट व जोधपुर रेंज के 6 जिलों में 1559 हिस्ट्रीशीटरों के नाम है। इनमें से पाली जिले के नाणा थाने में एक, बागड़ी थाने में दो और जोधपुर कमिश्नरेट के प्रतापनगर थाने व बोरानाडा थाने में 1-1 महिला हिस्ट्रीशीटरों नाम है। बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर ग्रामीण व सिरोही जिलों में एक भी महिला हिस्ट्रीशीटर नहीं है। पुलिस की वेबसाइट पर प्रत्येक थाने की हिस्ट्रीशीटर सूची मय नाम, पता उपलब्ध है। सामाजिक परिदृश्य एवं अपराधों से नफरत करने की महिला प्रवृत्ति को इन आंकड़ों के पीछे मुख्य वजह माना जाता है।

जोधपुर की यह महिला हिस्ट्रीशीटर रही थी चर्चित- जोधपुर के बोरानाडा थाने की महिला हिस्ट्रीशीटर समता उर्फ सुनिता बिश्नोई डोडा पोस्त तस्करी की गैंग चलाने के आरोप में वर्ष 2016 में पकड़ी गई थी। इसके बाद इसके संबंध डोडा पोस्त तस्कर राजूराम ईराम से होने की बात सामने आई थी। इसके पास करोड़ों रुपए की संपति होने की बात की भी चर्चित रही थी। इसके बाद से यह काफी चर्चा में रही थी।
कइयों के फोटो भी नहीं

पुलिस विभाग ने वेबसाइट पर प्रत्येक थाने की हिस्ट्रीशीटर की सूची मय नाम, पता, फोटो के अपलोड कर रखी है। इसके बावजूद कई हिस्ट्रीशीटर के नाम व पते तो है, लेकिन उनके फोटो के कॉलम में फोटो नॉट अवेलेबल लिख प्रदर्शित किए गए है। जैसलमेर जिले में कुल 61 हिस्ट्रीशीटर है, इनमेें से आधे से अधिक 37 हिस्ट्रीशीटरों के फोटो गायब है। बाड़मेर में भी 374 में से 3, जालोर में से 160 में 8, जोधपुर ग्रामीण में 133 में से 49, पाली में 336 में से 8, सिरोही में 165 में से 25, जोधपुर पूर्व 167 में 46 व जोधपुर पश्चिम में 163 में से म44 हिस्ट्रीशीटरों की जानकारी बगैर फोटो दी गई है।
बालोतरा में अधिक, मंडली में कम

जिले में सबसे अधिक हिस्ट्रीशीटर बालोतरा थाने में 28 हिस्ट्रीशीटर है। इसके बाद दूसरे नंबर पर चौहटन थाना है, यहां पर 27 हिस्ट्रीशीटर हैं। सबसे कम मंडली थाने में केवल 2 हिस्ट्रीशीटर है। इसके बाद पचपदरा व रागेश्वरी थाने में 6-6 हिस्ट्रीशीटर है। चौहटन सर्किल में सबसे अधिक 103 व गुड़ामालानी सर्किल में सबसे कम 46 हिस्ट्रीशीटर है।

ये भी पढ़ें

सीवरेज लाइन बिछाई, सड़क मरम्मत भूले
Published on:
26 Sept 2018 06:04 pm
Also Read
View All