
सीवरेज लाइन बिछाई, सड़क मरम्मत भूले
-
बालोतरा.
शहर के शास्त्री सर्कल-घंटाघर तक छह माह पहले सीवरेज लाइन बिछाई, जिसके लिए सड़क खोदी, लेकिन सड़क की मरम्मत अभी तक नहीं की। इस पर आवागमन को लेकर हर दिन राहगीरों, वाहन चालकों, छात्रों को परेशानी उठानी पड़ती है। परेशान लोग अनेक बार नगर परिषद प्रशासन से सड़क की मरम्मत करवाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन परिषद अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हंै।
नगर के मुख्य बाजार शास्त्री सर्कल के पीछे से घंटाघर तक सीवरेज लाइन बिछाने को लेकर छह माह पूर्व सड़क की खुदाई की थी। कार्य चलने के दौरान परेशान हुए क्षेत्र के लोगों ने कार्य पूर्ण होने पर शीघ्र ही सड़क की मरम्मत की उम्मीद में चुप्पी साधे रखी, लेकिन काम होने के बाद जब मरम्मत कार्य नहीं हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी नगरपरिषद को दी। उम्मीद थी कि नगरपरिषद में सुनवाई होगी और शीघ्र ही मरम्मत कार्य हो जाएगा, लेकिन इंतजार लम्बा होता जा रहा है। सीवरेज कार्य पूर्ण हुए छह माह हो गए, लेकिन अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। इस पर मार्ग में हुए बड़े-बड़े गड्ढ़ों पर राहगीरों, वाहन चालकों को हर दिन बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश होने पर इनमें पानी भर जाने से नहीं दिखाई देने पर कई राहगीर, वाहन चालक इनमें गिरकर चोटिल,घायल हुए। इस मार्ग पर शहर का सबसे बड़ा सरकारी बालिका विद्यालय है। हर दिन सैकड़ों बालिकाएं मार्ग से आवाजाही करती हैं। इस पर खस्ताहाल सड़क पर उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है, लेकिन नगर परिषद को मानो इससे कोई सरोकार ही नहीं है।
शीघ्र मरम्मत करवाएं- सीवरेज कार्य पूरा होने के बाद ठेकेदार ने इस ओर झांक कर नहीं देखा। खस्ताहाल सड़क पर हर दिन लोग परेशानी उठाते हैं। बहुत परेशान हैं। मार्ग की मरम्मत करवाएं। - जनक सोलंकी
परेशानी हो रही- शास्त्री सर्कल-घंटाघर सड़क बहुत खस्ताहाल है। नगर परिषद, ठेकेदार कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है। पूरे दिन उड़ती रेत पर बहुत परेशानी उठानी पड़ती है। - पवन डागा
Published on:
24 Sep 2018, 1:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.