
स्टार प्रचारक दो दिन रहेंगे बाड़मेर जिले के दौरे पर
वसुंधरा व हनुमान हेलिकॉप्टर से, अमित शाह चलेंगे रोड पर
कल आएंगे मुख्यमंत्री और रालोपा संयोजक बेनीवाल
अमित शाह आएंगे 1 दिसम्बर को
बाड़मेर. थार में विधानसभा चुनावों के चलते 30 नवम्बर व एक दिसम्बर दो दिन स्टार प्रचारकों के नाम रहेंगे। पार्टियों के स्टार प्रचारक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं करने के साथ रोड शो भी करेंगे। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा हनुमान बेनीवाल 30 नवम्बर को आएंगे। मुख्यमंत्री जिले में दो संभाएं करेंगी, वहीं बेनीवाल तूफानी दौरे में सात जगह संभाओं को संबोधित करेंगे। 1 दिसम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बालोतरा, बायतु में सभा तथा बाड़मेर में रोड शो करेंगे।
वसुंधरा राजे की होंगी दो संभाएं
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 30 नवम्बर को आगरा से रवाना होकर सुबह 10.20 बजे उत्तरलाई पहुंचेगी। यहां से वे हेलिकाप्टर से सुबह 10.30 बजे रवाना होकर भियांड़ में सुबह 10.45 पर सभा को संबोधित करेंगी। दोपहर 12.20 बजे धनाऊ में सभा को संबोधित करेंगी।
हनुमान बेनीवाल करेंगे सात सभाएं
रालोपा के राष्ट्रीय संयोजक व खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल भी 30 नवम्बर को जिले में सात सभाएं करेंगे। वे सुबह 9.50 बजे हेलिकाप्टर से राजसमंद से रवाना होकर सिणधरी पहुंचेंगे तथा 11 बजे सभा को संबोधित करेंगे। इसी क्रम में बेनीवाल 12.15 बजे रामसर, भियांड़ दोपहर 1.30 बजे, धनाऊ 2.30 बजे, परेऊ 3.45 बजे, पचपदरा 4.45 तथा कल्याणपुर में शाम 6.15 बजे सभा को संबोधित करेंगे। बेनीवाल पचपदरा व कल्याणर क्षेत्र में सड़क मार्ग से जाएंगे। इसके अलावा अन्य जगह हेलिकाप्टर से पहुंचेंगे।
बाड़मेर में शाह का रोड शो
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक दिसम्बर को जिले में दो सभाएं तथा बाड़मेर में रोड शो करेंगे। शाह सबसे पहले सुबह 11 बजे बालोतरा में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद एक बजे बायतु में सभा तथा दोपहर 2 बजे बाड़मेर में रोड शो करेंगे। गांधी चौक से रोड शो निकलेगा तथा अहिंसा सर्कल पर वाहन से ही लोगों को संबोधित करेंगे।