
Rajasthan : बालोतरा। शादी के बाद दुल्हन की विदाई तो हर परिवार के लिए भावुक पल होता है, लेकिन बाड़मेर जिले के लंगेरा गांव में एक परिवार ने इस पल को यादगार बना दिया। दादा की 14 साल पुरानी ख्वाहिश पूरी करने के लिए दूल्हा-दुल्हन को हेलिकॉप्टर से ससुराल लाया गया। बालोतरा जिले के जेठंतरी से लंगेरा तक करीब 100 किलोमीटर का सफर दोनों ने आसमान में तय किया। गांव पहुंचने पर बैंड-बाजे, नाच-गाने और पारंपरिक रस्मों के साथ उनका स्वागत किया गया। परिवार ने इस पहल के जरिए बहू को बेटी की तरह सम्मान और स्नेह देने का संदेश भी दिया।
लंगेरा निवासी रूघसिंह राजपुरोहित के बेटे जसवंत सिंह का विवाह जेठंतरी निवासी शंभूसिंह की पुत्री सुमित्रा कंवर के साथ तय हुआ। 21 नवंबर को जसवंत सिंह बारात लेकर जेठंतरी पहुंचे। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद रविवार शाम पांच बजे गांव जेठंतरी हॉल्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए दूल्हा-दुल्हन लंगेरा पहुंचे। लंगेरा में हेलिकॉप्टर उतरते ही स्वागत के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
दूल्हे की दादी दरिया कंवर ने बताया कि उनके पति सवाई सिंह राजगुरु की इच्छा थी कि पोते की बहू हेलिकॉप्टर से ससुराल आए। उनके निधन को 14 साल हो चुके हैं। परिवार ने अब उनकी यह ख्वाहिश पूरी की है। दूल्हे की मां हर कंवर ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं, बेटी नहीं है। इसलिए उन्होंने बहू सुमित्रा को बेटी की तरह रखने और विशेष स्नेह देने का संकल्प लिया है। हेलिकॉप्टर से ससुराल लाने की जानकारी सुमित्रा को पहले नहीं दी गई थी। यह उसके लिए सरप्राइज गिफ्ट था।
जसवंत सिंह एलएलबी प्रथम वर्ष के विद्यार्थी हैं, जबकि सुमित्रा बीए कर चुकी हैं और आगे एलएलबी करना चाहती हैं। जसवंत के पिता रूघसिंह बाड़मेर न्यायालय में वकील होने के साथ प्रॉपर्टी का काम करते हैं। जसवंत के 2 भाई मेघराज सिंह और प्रेम सिंह हैं।
सुमित्रा के पिता शंभूसिंह किसान हैं तथा उसके दो भाई सुमेरसिंह और प्रवीण सिंह हैं। हेलिकॉप्टर के आस-पास बैरिकेडिंग की गई, ताकि बच्चे और मेहमान सुरक्षित दूरी पर रहें। सुमित्रा ने बताया कि हेलिकॉप्टर से पहली बार ससुराल पहुंचना उसके लिए बेहद खुशी का पल रहा।