बाड़मेर

बालोतरा जिला प्रमुख की कुर्सी पर सस्पेंस: न कांग्रेस को बहुमत, न भाजपा को, अब RLP के 7 विजयी सदस्य करेंगे फैसला

Balotra Zila Pramukh Chunav: बालोतरा जिला परिषद की 31 सीटों में कांग्रेस और भाजपा ने 12-12 सीटें जीती हैं, जबकि आरएलपी के खाते में सात सीटें आई हैं। ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी की चाबी आरएलपी के पास है।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 2:30 PM IST
hanuman beniwal
हनुमान बेनीवाल। फाइल फोटो- पत्रिका

Balotra Zila Pramukh Chunav: राजस्थान के बालोतरा जिला परिषद चुनाव में जीत के बाद भी सदस्यों की शपथ ने राजनीतिक दलों की रणनीति के अलग-अलग संकेत दे दिए हैं। जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए चल रहे बहुमत के मुकाबले के बीच कांग्रेस के सभी 12 विजयी सदस्य सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अतिरिक्त जिला कलक्टर के समक्ष शपथ लेकर निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किए। इसके उलट भाजपा के 12 विजयी सदस्यों में से एक भी शपथ लेने नहीं पहुंचा। वहीं, आरएलपी के सात निर्वाचित सदस्यों में से केवल थानसिंह डोली ने ही शपथ लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त किया। ऐसे में भाजपा सदस्यों की गैरमौजूदगी और आरएलपी के एकमात्र सदस्य के शपथ लेने को जिला प्रमुख चुनाव तक चल रही बाड़ेबंदी से जोड़कर देखा जा रहा है।

भाजपा को अकेले छोड़ने का डर

बालोतरा जिला परिषद की 31 सीटों में कांग्रेस और भाजपा ने 12-12 सीटें जीती हैं, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के खाते में सात सीटें आई हैं। ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए बहुमत के गणित में आरएलपी की भूमिका अहम मानी जा रही है। कांग्रेस के सभी सदस्यों ने शपथ लेकर निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया, जबकि भाजपा के सभी सदस्यों का शपथ लेना अभी बाकी है। राजनीतिक समीकरणों के बीच भाजपा अपने सदस्यों को अकेले छोड़ने के बजाय बाड़ेबंदी में रखना चाहती है।

पंचायत समितियों में भाजपा के 14 सदस्यों ने ली शपथ

जिला परिषद के उलट पंचायत समिति सदस्यों की शपथ में भाजपा ने सक्रियता दिखाई। बालोतरा पंचायत समिति के 10 और कल्याणपुर के चार विजयी भाजपा सदस्यों ने सोमवार को सामूहिक रूप से शपथ लेकर निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त किए। वहीं, कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों ने मतगणना के दिन ही देर शाम को एक साथ बस से पहुंचकर शपथ ली और प्रमाण पत्र प्राप्त किए थे। बालोतरा पंचायत समिति के कुल 23 वार्डों में कांग्रेस ने 13 और भाजपा ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। यहां प्रधान चुनाव से पहले ही सभी विजयी सदस्यों ने शपथ की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

11 पंचायत समितियों में भी बहुमत का दिलचस्प गणित

जिले की 11 पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस को चार, भाजपा को तीन और आरएलपी को एक में स्पष्ट बहुमत मिला है। शेष तीन पंचायत समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। ऐसे में जिला परिषद में जिला प्रमुख से लेकर पंचायत समितियों में प्रधान के होने वाले चुनावों तक सत्ता की तस्वीर तय करने के लिए राजनीतिक दलों की रणनीति और सदस्यों की गतिविधियां अहम बनी हुई हैं।