
Balotra Zila Pramukh Election 2026: नवगठित बालोतरा जिले में पहली बार हुए जिला परिषद चुनाव के नतीजों के बाद जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 31 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस ने 12-12 सीटें जीतकर बराबरी की है, जबकि सात सीटों पर जीत के साथ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) किंगमेकर की भूमिका में है। बहुमत के लिए 16 सदस्यों का समर्थन जरूरी है, लेकिन जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित होने से सत्ता के इस मुकाबले में नया पेच फंस गया है।
जिले में एसटी वर्ग के लिए आरक्षित दोनों वार्डों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए कांग्रेस के पास दो दावेदार हैं, जबकि भाजपा के पास सामान्य महिला वर्ग के वार्ड से जीतीं एसटी वर्ग की एक महिला सदस्य हैं। आरएलपी के पास एसटी वर्ग का कोई विजयी सदस्य नहीं है।
जिला परिषद के वार्ड संख्या 7 से कांग्रेस की सुगन ने एसटी महिला वर्ग में 214 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वे बालोतरा पंचायत समिति क्षेत्र के भीलों का वास, पचपदरा की निवासी हैं। 34 वर्षीय सुगन गृहिणी हैं और बीए उत्तीर्ण हैं। वहीं, वार्ड संख्या 23 से कांग्रेस के फूलाराम ने एसटी वर्ग में 1,045 मतों से जीत हासिल की। वे समदड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के करमावास निवासी हैं। 39 वर्षीय फूलाराम बीए और बीएड उत्तीर्ण हैं।
दूसरी ओर, भाजपा की सुशीला ने वार्ड संख्या 16 से सामान्य महिला सीट पर जीत दर्ज की है। वे धोरीमन्ना पंचायत समिति क्षेत्र के कातरला खिलेरियान के भीलों का वास की निवासी हैं। 32 वर्षीय सुशीला 12वीं उत्तीर्ण गृहिणी हैं। वे एसटी वर्ग से हैं और भाजपा के पास जिला प्रमुख पद के लिए एसटी वर्ग का यही एक विजयी चेहरा है।
वहीं, सात सीटें जीतने वाली आरएलपी के पास एसटी वर्ग का कोई विजयी सदस्य नहीं है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, एसटी वर्ग का सदस्य नहीं होने से आरएलपी सीधे अपना जिला प्रमुख नहीं बना सकती। ऐसे में कांग्रेस को समर्थन देने की स्थिति में भी उसे उप जिला प्रमुख पद से संतोष करना पड़ सकता है। दूसरी तरफ, भाजपा सामान्य महिला सीट से जीतीं एसटी वर्ग की अपनी सदस्य के जरिए जिला प्रमुख पद की दावेदारी मजबूत करने की कोशिश में है।
चुनाव में कई वार्डों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बालोतरा पंचायत समिति क्षेत्र के वार्ड 5 में कांग्रेस के श्रवण ने महज 37 मतों से जीत दर्ज की। सिणधरी के वार्ड 10 में भाजपा की कांता 234 मतों से और बालोतरा के वार्ड 7 में कांग्रेस की सुगन 214 मतों से विजयी रहीं।
कुछ वार्डों में प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से जीत हासिल की। पाटोदी के वार्ड 31 में कांग्रेस की रसीदा ने 11,707 मत प्राप्त कर 7,211 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सिवाना के वार्ड 21 से कांग्रेस की गरिमा राजपुरोहित 3,946 मतों से विजयी रहीं, जबकि धोरीमन्ना-गुड़ामालानी के वार्ड 14 से भाजपा के जीवाराम 3,776 मतों से विजयी रहे।
31 वार्डों वाली जिला परिषद में भाजपा और कांग्रेस के पास 12-12 तथा आरएलपी के पास सात सदस्य हैं। बहुमत का आंकड़ा 16 है। ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए दोनों बड़े दलों को आरएलपी के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, पद का एसटी आरक्षण और विजयी सदस्यों की वर्गवार स्थिति इस सियासी गणित को और पेचीदा बना रही है। अब सबकी नजरें 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख के चुनाव पर टिकी हैं।