बाड़मेर

Rajasthan : सरकारी शिक्षक ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, 3 पेज का सुसाइड नोट मिला

बाड़मेर जिले के रीको थाना क्षेत्र में जसदेर धाम के पास बुधवार शाम एक सरकारी शिक्षक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक शिक्षक के पास से तीन पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
2 min read
May 14, 2026
Barmer teacher suicide
फोटो पत्रिका नेटवर्क

बाड़मेर। जिले के रीको थाना क्षेत्र में जसदेर धाम के पास बुधवार शाम एक सरकारी शिक्षक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक शिक्षक के पास से तीन पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।

रीको थाना प्रभारी चैन प्रकाश के अनुसार फलौदी जिले के देचू थाना क्षेत्र के कलाऊ गांव निवासी पवन कुमार बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत था। वह भिंयाड़ कस्बे में रहता था। बुधवार शाम बाड़मेर और उतरलाई के बीच पीलर नंबर 829 के पास उसने हावड़ा ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इसके बाद पायलट ने ट्रेन को रोककर रेलवे प्रशासन को सूचना दी।

जानकारी मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के क्षत-विक्षत शव को जिला हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं पुलिस ने टीचर पवन कुमार के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई हैं।

तीन पेज का सुसाइड नोट बरामद

पुलिस को मृतक के पास से तीन पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसमें एक महिला से प्रेम संबंध होने का उल्लेख है। बताया जा रहा है कि महिला के संबंध समाप्त करने के बाद वह मानसिक तनाव में था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

धारवी खुर्द स्कूल में था कार्यरत

जानकारी के अनुसार शिक्षक शिव थाना क्षेत्र के भिंयाड़ के धारवी खुर्द गांव में स्थित सरकारी स्कूल में तृतीय श्रेणी शिक्षक के पद पर कार्यरत था। वह वर्ष 2018 से यहां सेवा दे रहा था। पुलिस को सुसाइड नोट मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक की शादी करीब 14-15 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Updated on:
14 May 2026 07:50 pm
Published on:
14 May 2026 07:50 pm