
मौके पर खड़े दुर्घटनाग्रस्त वाहन। फोटो पत्रिका
गोविंदगढ़ (अलवर)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात 2.30 बजे इलेक्ट्रॉनिक कंपनी के एरिया मैनेजर मनीष सिंघल की मौत हो गई। मनीष जिस टैक्सी (कार) में सवार थे, वह आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी। मृतक मनीष सिंघल का परिवार जयपुर ग्रामीण के रेनवाल स्थित जैन मंदिर के सामने रहता है । यह हादसा अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के इंदपुर गांव के समीप हुआ।
टैक्सी चालक भानु प्रताप (20) पुत्र शिवकुमार निवासी नुन्या खेरली, राजेश (40) पुत्र वीरभान निवासी जयपुर, अजय (52) पुत्र महावीर निवासी जोबनेर और कमलेश (37) पुत्र मदनलाल निवासी बगरू, जयपुर इस हादसे में घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मनीष सिंघल पुत्र मालीराम सैमसंग कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
वे कंपनी की ओर से थाईलैंड के टूर पर जा रहे थे। उन्होंने जयपुर से टैक्सी लेकर फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली जा रहे थे। राजेश, अजय व कमलेश भी मनीष के साथ थाईलैंड के टूर पर जा रहे थे ।
करीब छह माह पहले मनीष की मां का निधन हो गया था। मनीष अविवाहित थे। घायल टैक्सी चालक भानु प्रताप ने बताया कि वह चारों यात्रियों को जयपुर से दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने जा रहा था।
सभी यात्रियों की दिल्ली से थाईलैंड जाने की फ्लाइट बुक थी, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैक्सी की रफ्तार तेज थी और अचानक सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल इस हादसे से परिवार में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
मनीष के परिचितों ने बताया कि वे स्वभाव से मिलनसार थे और अपने काम के प्रति काफी जिम्मेदार माने जाते थे। इस दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Updated on:
14 May 2026 08:59 pm
Published on:
14 May 2026 06:33 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
