बाड़मेर

फर्स्ट इंप्रेशन इज लास्ट इंप्रेशन : आईजी

कल्याणपुर थाने व पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया
2 min read
• •
Updated: 14 Feb 2024, 12:11 AM IST
balotra.jpg
बालोतरा में डीआईजी को गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए

जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार मंगलवार को बालोतरा जिले के दौरे पर रहे। उन्होंने कल्याणपुर पुलिस थाने निरीक्षण किया। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। जिले के पुलिस अधिकारियों व थानाधिकारियों की बैठक लेकर अपराध नियंत्रण व निरोधात्मक कार्रवाइयां अधिकाधिक करने के निर्देश दिए। आईजी ने लंबित प्रकरणों में सही अनुसंधान करने के साथ वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश भी दिए। आईजी विकास कुमार मंगलवार शाम 5 बजे बालोतरा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां पर पुलिस अधीक्षक हरीशंकर, एएसपी सुभाषचंद्र खोजा ने अगवानी की।

वीआईपी गार्ड ऑफ ऑनर के लिए सुसज्जित टुकडी़ करें तैयार

एसपी ऑफिस में पुलिस की टुकड़ी ने आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद आईजी ने पुलिस अधीक्षक को कहा कि बालोतरा जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां पर रिफाइनरी के साथ-साथ आने वाले समय में उद्योग जगत में तेजी से प्रगति करेगा, तो जाहिर सी बात है कि यहां पर वीआईपी मूवमेंट भी अधिक हाेंगे। इसके लिए गार्ड ऑफ ऑनर के लिए विशेष सुसज्जित पुलिस जवानों की टुकडी़ तैयार करें। उन्होंने कहा कि फर्स्ट इंप्रेशन इज लास्ट इंप्रेशन यानि कि पहला प्रभाव अच्छा रहना चाहिए। इस दौरान आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं व कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद एवं कामकाज को लेकर जानकारी ली।

कल्याणपुर थाने का निरीक्षण किया

बालोतरा पहुंचने से पहले उन्होंने मार्ग में कल्याणपुर पुलिस थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वागत कक्ष, हवालात, बैरिक, मालखाना, अपराध शाखा व थाना परिसर में जब्त वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र अनुसंधान पूर्ण कर निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक भूपेन्द्र चौधरी व थानाधिकारी गीता चौधरी मौजूद थे।

Published on: