बाड़मेर जिले में प्रिंसिपल और व्याख्याता के बीच ज्वॉइनिंग को लेकर विवाद बढ़ गया। गाली-गलौज और धमकियों के आरोप में नागाणा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। दोनों के बीच बातचीत का कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कवास (बाड़मेर): बांदरा ग्राम पंचायत के चंदानियो की ढाणी स्थित राजकीय विद्यालय में पदस्थ प्रिंसिपल और व्याख्याता के बीच हुई कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल ऑडियो में दोनों के बीच तीखी बहस, अपशब्दों और कथित धमकियों की बातचीत सुनाई दे रही है।
बता दें कि ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन इसके वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, व्याख्याता शीतल सिंघल कार्यग्रहण (ज्वॉइनिंग) की स्वीकृति को लेकर प्रिंसिपल गेनाराम से बातचीत कर रही हैं। ऑडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
ऑडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार सुबह विद्यालय स्टॉफ और ग्रामीणों ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। करीब एक से डेढ़ घंटे बाद स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद ताला खोला गया। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके की स्थिति की जानकारी लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि ऑडियो की सत्यता प्रमाणित होती है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में बांदरा पीईईओ एवं प्रिंसिपल गेनाराम से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि बाद में बात करूंगा।
व्याख्याता शीतल सिंघल ने बताया कि उन्हें जानबूझकर विद्यालय में जॉइन नहीं करवाया गया। समग्र शिक्षा कार्यालय के आदेश क्रमांक 362 दिनांक 2 फरवरी के तहत उन्होंने 3 फरवरी को कार्यग्रहण प्रस्तुत किया था। रिलीवर ऑर्डर को लेकर प्रिंसिपल को पत्र लिखने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और नौकरी से निकालने की धमकी दी गई, जिसके चलते उन्होंने नागाणा थाना में एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।
करीब 4 मिनट 36 सेकेंड के वायरल ऑडियो में दोनों के बीच तीखी बहस, आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग और धमकी भरी भाषा सुनाई देती है। बीच-बीच में अन्य स्टॉफ सदस्यों की आवाजें भी रिकॉर्ड में सुनाई दे रही हैं। ऑडियो में प्रिंसिपल कथित तौर पर टीचर को 'फफूंद' कहते और 'कुत्ते की मौत मरेगी' जैसी बददुआएं देते सुनाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, प्रिंसिपल ने यहां तक कह दिया, अगर लड़का होता तो थप्पड़ मारता, सात गट्टे खाता।