बाड़मेर

बाड़मेर की शिव पंचायत समिति में रविंद्र सिंह भाटी का चला जादू, दीनदयाल कुमावत निर्विरोध बने प्रधान, देखते रह गए विरोधी

Barmer Shiv Panchayat Samiti Pradhan Result: बाड़मेर जिले की शिव पंचायत समिति में रविंद्र सिंह भाटी समर्थित दीनदयाल कुमावत निर्विरोध प्रधान बने हैं। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बावजूद कुमावत के निर्विरोध निर्वाचन से सियासी समीकरण बदल गए।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 3:50 PM IST
Barmer Shiv Panchayat Samiti Pradhan Result 2026
रविंद्र सिंह भाटी और दीनदयाल कुमावत (फोटो सोशल मीडिया)

Barmer Shiv Panchayat Samiti Pradhan Result 2026: बाड़मेर जिले की शिव पंचायत समिति में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव में दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी समर्थित दीनदयाल कुमावत निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं। किसी भी दल के पास स्पष्ट बहुमत नहीं होने के बावजूद कुमावत के निर्विरोध निर्वाचन ने शिव के राजनीतिक समीकरणों को बदल दिया।

कांग्रेस के साथ सियासी तालमेल

शिव पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक हलचल तेज थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कांग्रेस के साथ सियासी तालमेल कर अपने समर्थित प्रत्याशी के प्रधान बनने का रास्ता साफ किया। प्रधान पद के लिए मतदान की नौबत भी नहीं आई।

शिव में किसी भी दल को नहीं मिला था बहुमत

शिव पंचायत समिति की कुल 15 सीटों में से छह पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। ये सभी रविंद्र सिंह भाटी समर्थित प्रत्याशी बताए गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने पांच, भाजपा ने तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने एक सीट जीती थी। प्रधान बनाने के लिए आठ सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता थी।

पार्टीजीती सीटें
निर्दलीय6
कांग्रेस5
भाजपा3
आरएलपी1
कुल15
बहुमत का आंकड़ा8

सोशल मीडिया पर पहले से चर्चा में थे रविंद्र सिंह भाटी

पंचायत समिति सदस्य पदों के नतीजे आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर रविंद्र सिंह भाटी की चुनावी रणनीति को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही थीं। एक यूजर ने लिखा था, 'भाटी है तो भरोसा है।' वहीं, एक अन्य यूजर ने भाटी की राजनीतिक सफलता की तारीफ की थी। सोशल मीडिया पर उनके समर्थित छह निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत को लेकर भी चर्चा हुई थी।

वार्ड नंबर छह से जीते थे दीनदयाल

दीनदयाल ने शिव पंचायत समिति के वार्ड नंबर छह से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। अब वे पंचायत समिति के प्रधान बन गए हैं। प्रधान पद के निर्वाचन के बाद अब सभी की नजरें 28 नवंबर को होने वाले उपप्रधान पद के चुनाव पर टिकी हैं।