
बाड़मेर. दीपावली की छुट्टियों में घूमने निकले बाड़मेर जिले के दो युवकों के लिए उड़ीसा का समुद्र जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। समुद्र किनारे स्नान के दौरान अचानक उठे ज्वार-भाटे और तेज बहाव की चपेट में आने से बायतु भोपजी निवासी चुतराराम और मोखाब निवासी दलाराम की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बुधवार को दोनों युवकों के शव उनके पैतृक गांव पहुंचे तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में दोनों का अलग-अलग स्थानों पर अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, बायतु भोपजी निवासी चुतराराम पुत्र देदाराम हैदराबाद में लाइट फिटिंग का कार्य करता था। वह मोखाब क्षेत्र के कुछ युवकों और ठेकेदार के साथ दीपावली के अवसर पर घूमने के लिए उड़ीसा गया था। इसी दौरान सभी युवक समुद्र किनारे पहुंचे। यहां कुल 11 युवक समुद्र में स्नान करने के लिए पानी मे उतरे थे। इसी दौरान समुद्र में उटे ज्वार-भाटे के बीच तेज बहाव और उल्टी धारा की चपेट में आने से चुतराराम और दलाराम पानी में बह गए। देखते ही देखते दोनों युवक गहरे पानी में समा गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर बचाव दल सक्रिय हुआ। रेस्क्यू टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद चुतराराम को पानी से बाहर निकालकर उड़ीसा के पुरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक दलाराम की तलाश के लिए भी अभियान जारी रहा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव समुद्र से बाहर निकाला जा सका। हादसे की खबर बाड़मेर पहुंचते ही दोनों युवकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। गांवों में शोक की लहर फैल गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जसवंत मूंढ ने सक्रियता दिखाते हुए ठेकेदार से संपर्क किया। उन्होंने उड़ीसा में प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय कर दोनों युवकों के शव जल्द से जल्द बाड़मेर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू करवाई। इसके साथ ही वहां मौजूद लोगों की वापसी के लिए फ्लाइट टिकट की व्यवस्था करवाने में भी सहयोग किया। इसके बाद दोनों शवों को विमान से अहमदाबाद लाया गया। वहां से उतरलाई एयरपोर्ट पहुंचाया गया। इसके बाद चुतराराम का शव बायतु भोपजी स्थित बेरड़ों की ढाणी और दलाराम का शव मौखाब स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचाया गया। बुधवार को दोनों युवकों का अपने-अपने गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया।
चुतराराम पुत्र देदाराम अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करने और रोजगार की तलाश में वह हैदराबाद में लाइट फिटिंग का काम कर रहा था। दीपावली पर घर लौटने के बजाय वह साथियों के साथ उड़ीसा घूमने चला गया, लेकिन वहां समुद्र में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दी।