बाड़मेर

Rajasthan Crime News : बेंगलुरु से चोरी 8 लाख की SUV कार राजस्थान में बरामद- चोर भी अरेस्ट, जानें 2000 km दूर कैसे हुआ ‘खुलासा’?

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का यह नेटवर्क इतना शातिर है कि बेंगलुरु में चोरी की गई गाड़ी को हजारों किलोमीटर दूर राजस्थान के रेतीले धोरों में छिपा दिया गया। बाड़मेर पुलिस और बेंगलुरु पुलिस के संयुक्त इनपुट ने इस बड़े खेल का पर्दाफाश किया है।

2 min read
Mar 24, 2026

राजस्थान के बाड़मेर जिले का एक युवक बेंगलुरु में हाई-टेक वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उत्तर बेंगलुरु के बागलूर इलाके से चोरी हुई एक SUV कार को बेंगलुरु पुलिस ने बाड़मेर के खाराड गांव के पास नेशनल हाईवे-68 (NH-68) से बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने राजस्थान मूल के 24 वर्षीय आरोपी हरिभजन को गिरफ्तार किया है, जो एक शातिर वाहन चोर गिरोह का हिस्सा बताया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Crime News : ‘सरकारी शिक्षक’ प्रेमी के साथ पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट, ऐसे हुआ ‘मर्डर’ का खुलासा

हजारों किमी का 'खतरनाक' सफर

वारदात की शुरुआत 26 फरवरी को बेंगलुरु में हुई थी। वाहन मालिक बालाजी ने अपनी पत्नी के नाम पर वर्ष 2020 में यह एसयूवी खरीदी थी। उन्होंने घर के पास खाली भूखंड पर गाड़ी पार्क की थी, जो अगली सुबह गायब मिली।

  • चोरी का तरीका: आरोपी हरिभजन ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कार की खिड़की और विंडशील्ड का कांच तोड़ा। इसके बाद हाई-टेक तरीके से वायर कनेक्ट कर गाड़ी को डायरेक्ट स्टार्ट किया और बेंगलुरु से सीधे राजस्थान की ओर निकल गया।

NH-68 पर लावारिस हालत में मिली कार

बेंगलुरु पुलिस की तफ्तीश जब राजस्थान पहुंची, तो आरोपी की निशानदेही पर बाड़मेर के गिड़ा थाना क्षेत्र के खाराड गांव के पास हाईवे किनारे से कार बरामद कर ली गई। करीब 8 लाख रुपये कीमत की यह गाड़ी राजस्थान में कौड़ियों के दाम बेचने की फिराक में थी। सामने आया है कि आरोपी हरिभजन का परिवार भी कथित तौर पर वाहन चोरी के कई मामलों में संलिप्त रहा है।

'ऑर्डर' पर चोरी, राजस्थान में खपाने का बड़ा सिंडिकेट!

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह दक्षिण भारत के बड़े शहरों (बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई) से गाड़ियां चोरी करता है और उन्हें बिना कागजात के राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में सस्ते दामों पर बेच देता है।

चोरी की गाड़ियों को अक्सर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर या पार्ट्स अलग करके खपाया जाता है। बाड़मेर और जालोर जैसे सीमावर्ती जिले इन चोरों के लिए सुरक्षित ठिकाने बनते जा रहे हैं।

हाई-टेक चोरों से सावधान: पुलिस की चेतावनी

इस गिरोह की कार्यशैली से साफ है कि अब गाड़ियां लॉक होने के बावजूद सुरक्षित नहीं हैं। चोर विंडशील्ड तोड़कर सीधे इंजन कंट्रोल मॉड्यूल (ECM) के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। बेंगलुरु पुलिस अब हरिभजन के अन्य साथियों की तलाश में राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में दबिश दे रही है।

बाड़मेर पुलिस का सहयोग और आगे की जांच

स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बेंगलुरु ले जाया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक इस गिरोह ने बेंगलुरु से कितनी गाड़ियां चोरी कर राजस्थान के बाड़मेर, सांचौर और जालोर जिलों में बेची हैं।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News : यूपी के मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत मामले में नया मोड़, सामने आया हैरान करने वाला राजस्थान कनेक्शन

Published on:
24 Mar 2026 03:12 pm
Also Read
View All

अगली खबर