बाड़मेर

भाटी V/S रावणा विवाद : ‘गर्माहट’ के बीच अब कांग्रेस-BJP की एंट्री ! जानें क्या सामने आ रहा कॉन्ट्रोवर्सी का ‘पॉलिटिकल एंगल’?

रविंद्र सिंह भाटी और छोटू सिंह रावणा के बीच शुरू हुआ विवाद अब महज सोशल मीडिया की जंग नहीं रहा, बल्कि इसने पूरी तरह से 'राजनीतिक रंग' ले लिया है। इस मामले में अब राजस्थान कांग्रेस के दिग्गज नेता की एंट्री हुई है, तो दूसरी तरफ भाजपा के एक पूर्व प्रत्याशी के साथ गायक की तस्वीर ने नए 'सियासी नैरेटिव' को जन्म दे दिया है।
2 min read
Mar 29, 2026
Ravindra Singh Bhati and Singh Chhotu Singh controversy
Ravindra Singh Bhati and Singh Chhotu Singh controversy

शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा के बीच उपजा विवाद अब राजस्थान की सत्ता के गलियारों तक पहुंच गया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक और कद्दावर नेता संयम लोढ़ा ने इस मामले में दखल देते हुए राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) और गृह विभाग से हस्तक्षेप की अपील की है। वहीं, सोशल मीडिया पर छोटू सिंह की भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा के साथ एक तस्वीर वायरल होने के बाद इस पूरे विवाद के पीछे 'पॉलिटिकल गेम प्लान' होने की चर्चाएं तक होने लगी हैं।

संयम लोढ़ा बोले- 'छोटू सिंह की जान को खतरा'

कांग्रेस नेता संयम लोढ़ा ने इस विवाद को बेहद गंभीर बताते हुए राजस्थान पुलिस और गृह विभाग को टैग कर सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है।

  • सुरक्षा की मांग: लोढ़ा ने लिखा, "DGP राजीव शर्मा जी से निवेदन है कि सुप्रसिद्ध गायक छोटू सिंह जी रावणा ने जो चिंता प्रकट की है उसका संज्ञान लेवें। यह सुनिश्चित करें कि उन्हें किसी भी तरह की शारीरिक क्षति न पहुंचे।"
  • सीधी बातचीत: लोढ़ा ने खुलासा किया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से छोटू सिंह से फोन पर बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है और उन्हें निर्भीक होकर अपना काम जारी रखने का भरोसा दिलाया है।

गृह सचिव से भी आग्रह

संयम लोढ़ा ने गृह सचिव भास्कर सावंत से भी आग्रह किया है कि वे इस मामले में त्वरित संज्ञान लें। कांग्रेस की इस सक्रियता ने भाजपा सरकार और निर्दलीय विधायक भाटी दोनों के लिए असहज स्थिति पैदा कर दी है। लोढ़ा की एंट्री ने यह संकेत दे दिया है कि विपक्ष इस मुद्दे को 'कानून-व्यवस्था' और 'कलाकारों की सुरक्षा' से जोड़कर बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है।

स्वरूप सिंह खारा के साथ 'वायरल फोटो'

विवाद के बीच छोटू सिंह रावणा की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर की जा रही है, जिसमें वे भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा के साथ नजर आ रहे हैं।

भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा के साथ सिंगर छोटू सिंह
  • सियासी प्रतिद्वंद्विता: स्वरूप सिंह खारा 2023 के विधानसभा चुनाव में शिव सीट से भाजपा के प्रत्याशी थे और रविंद्र सिंह भाटी के कड़े प्रतिद्वंद्वी रहे हैं।
  • नैरेटिव की जंग: भाटी समर्थकों का आरोप है कि यह पूरा विवाद 'प्लान्ड' है और रविंद्र सिंह को राजनीतिक रूप से कमजोर करने के लिए उनके विरोधियों के इशारे पर यह पटकथा लिखी गई है।

'धमकी या राजनीतिक साजिश?'- जनता में बहस

छोटू सिंह रावणा ने पहले ही दावा किया था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है और उन पर दबाव बनाया जा रहा है। अब जब कांग्रेस और भाजपा के अन्य गुटों के नाम इस विवाद में जुड़ रहे हैं, तो मारवाड़ की जनता के मन में कई सवाल हैं:

  • क्या यह वाकई एक कमेंट पर उपजा गुस्सा है?
  • या फिर यह भाटी की बढ़ती लोकप्रियता को रोकने के लिए विरोधियों का 'पॉलिटिकल टूल' है?

मारवाड़ का 'सियासी तापमान' हाई

पश्चिमी राजस्थान में इस वक्त माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ है। एक तरफ रविंद्र भाटी के समर्थक उन्हें 'जनता का रक्षक' बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ छोटू सिंह के प्रशंसक इसे 'अहंकार की हार' बता रहे हैं। पुलिस प्रशासन के लिए अब यह मामला केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था का सवाल बन गया है।

Updated on:
29 Mar 2026 01:40 pm
Published on:
29 Mar 2026 01:40 pm