बाड़मेर

समय पर पेपर नहीं मिलने पर अभ्यर्थी भड़कें,प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज करवाते हुए हंगामा किया, एक गिरफ्तार

समय पर नहीं मिला पेपर, अभ्यर्थियों का हंगामा, एक गिरफ्तार वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा -अभ्यर्थियों का आरोप पुलिस ने किया बल प्रयोग - बड़ी संख्या में तैनात रहा पुलिस जाप्ता

2 min read
Candidates flare up, protest against administration

बाड़मेर. वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा के तहत सोमवार को शहर के एक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को पेपर निर्धारित समय पर नहीं मिलने पर हंगामा हो गया।

यहां अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन कर परीक्षा में गड़बड़ी होने की आशंका जाहिर की। हंगामे को देख केन्द्राधीक्षक ने तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी।

ये भी पढ़ें

Video : कार्यकर्ता पार्टी की मजबूत कड़ी, बूथ है रीढ़

इस पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामला शांत करवाया। पुलिस ने परीक्षा केन्द्र पर उपद्रव कर रहे एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया। पेपर वितरण में हुई देरी को लेकर अभ्यर्थियों को 45 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया।

सदर थाना पुलिस उप निरीक्षक अमरसिंह ने बताया कि परीक्षा पर्यवेक्षक कमलसिंह ने रिपोर्ट पेश कर राजकार्य में बाधा व उपद्रव का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आरोपी भारुराम पुत्र मांगीलाल निवासी हेमा गुड़ा जालोर को गिरफ्तार किया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभ्यर्थी निर्धारित समय पर परीक्षा केन्द्र महाराजा पब्लिक स्कूल पहुंच चुके थे। लेकिन पेपर पैंकिग में मामूली चूक के चलते पेपर वितरण में देरी हो गई। समय पर पेपर नहीं मिलने पर अभ्यर्थी भड़क गए। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज करवाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया।

घटनाक्रम की सूचना मिलते ही एडीएम राकेशकुमार, एएसपी रामेश्वरलाल, उपखण्ड अधिकारी नीरज मिश्र, डिप्टी, तहसीलदार, कोतवाल सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों से समझाइश कर परीक्षा शुरू करवाई।

पुलिस ने किया बल प्रयोग
अभ्यर्थियो ने आरोप लगाया है कि पुलिस की ओर से बल प्रयोग किया गया। साथ ही अभ्यर्थियों के साथ संतोषजनक व्यवहार नहीं किया गया। आरोप है कि पेपर वितरण में एक घंटे की देरी हुई, लेकिन अतिरिक्त समय 45 मिनट का दिया गया।

यह बोले अभ्यर्थी
- परीक्षा के लिए 9 बजे समय पर पहुंच गए। संतोषजनक जबाव नहीं मिला। परीक्षा देरी से शुरू होने लगी तो विरोध दर्ज करवाया। पुलिस ने लाठियां चलाई।

-रणवीर, अभ्यर्थी

- सेंटर पर कहा पेपर आया नहीं। कटे-फटे पेपर आए हैं। परीक्षा पेपर खुला हुआ था। अभ्यर्थियों के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

- दीपा मुड़ोतिया
- विरोध करने का अधिकार है। समय बढ़ाने से क्या हुआ? एक घंटा बढऩा था, लेकिन 45 मिनट ही अतिरिक्त समय दिया गया।

- टीकमाराम

- पुलिस ने अभ्यर्थियों के साथ बल प्रयोग किया गया। केन्द्राधीक्षक की लापरवाही के चलते अभ्यर्थियों के साथ गलत व्यवहार हुआ है।

- हनुमानराम

- पेपर वितरण में देरी, अतिरिक्त समय दिया

पेपर वितरण में अभ्यर्थियों के विरोध के चलते निर्धारित समय में देरी हुई, इसको लेकर अतिरिक्त समय दिया गया। कोई गड़बड़ नहीं थी। पैंकिग में पेपर जुड़े हुए थे, इसलिए समस्या हुई।

- राकेशकुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर, बाड़मेर

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय के 28 केन्द्रों पर वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा के तहत पहली पारी में सामाजिक ज्ञान परीक्षा का आयोजन हुआ। मास्टर ट्रेनर डॉ लक्ष्मीनारायण जोशी ने बताया कि इस दौरान 8219 अभ्यर्थियों में से 6512 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।

वहीं 1707 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार 79.23 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जोशी ने बताया कि द्वितीय पारी में एक केन्द्र पर गणित का पेपर हुआ जिसमें 354 अभ्यर्थियों में से 304 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 50 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

मंगलवार को दो पारियों में होगी परीक्षा
मंगलवार को सुबह की पारी में 2 केन्द्रों पर अंग्रेजी परीक्षा का आयोजन होगा जिसमें 688 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं शाम को 1 केन्द्र पर पंजाबी व सिंधी का पेपर होगा जिसमें 15 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

ये भी पढ़ें

करवा चौथ: पति की लम्बी आयु व खुशहाली के लिए सुहागिनों ने निराहार रहकर किया करवा चौथ का व्रत
Published on:
29 Oct 2018 09:29 pm
Also Read
View All