बाड़मेर

Rajasthan: घर से भागा प्रेमी जोड़ा, डर के मारे टांके में कूदा, युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर

चौहटन में प्रेम प्रसंग में भागे युवक-युवती के पानी के टांके में कूदने से युवती की मौत हो गई, जबकि युवक को गंभीर स्थिति में बाड़मेर रेफर किया गया।

2 min read
Dec 03, 2025
Lover couple, Lover couple suicide, Lover couple suicide in Barmer, Lover couple suicide in Rajasthan, Barmer news, Rajasthan news
फोटो- पत्रिका

चौहटन। कोनरा के अमरावास सरहद में पानी के टांके में युवक-युवती गिरे होने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इनकी पहचान प्रेम प्रसंग के चलते दो दिन पहले घर से भागे प्रेमी युगल के रूप में हुई। जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने दोनों को टांके से बाहर निकाल कर चौहटन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित किया तथा युवक को गंभीर स्थिति में बाड़मेर भेजा गया।

सूत्रों ने बताया कि दो दिन पहले सोमवार को कोनरा के अमरावास गांव का एक युवक और आंटिया गांव की एक युवती अपने घर से लापता हो गए थे। दोनों के लापता होने पर उनके परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं मिला।

युवक बाड़मेर रेफर

वहीं अमरावास गांव की सरहद में एक टांके से ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनी। वहां पहुंचने पर देखा कि युवक-युवती जान बचाने के लिए जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को टांके से बाहर निकाल कर चौहटन अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया और युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर भेजा गया।

शव को मोर्चरी में रखा गया

सूचना मिलने पर चौहटन पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली तथा शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखा। पुलिस ने लोगों और परिजनों से पूछताछ की। प्रथम दृष्टया दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चलने की जानकारी मिली, जिसके कारण दो दिन पहले वे घर से भागे थे।

मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में हैड कांस्टेबल विशनाराम ने बताया कि मृतका के परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने रिपोर्ट में बताया कि डूंगराराम पुत्र प्रभुराम निवासी अमरावास कोनरा ने उनकी पुत्री को शादी की नीयत से भगाया तथा उसे टांके में डालकर हत्या की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और थानाधिकारी ललित किशोर मामले की जांच कर रहे हैं।

Updated on:
03 Dec 2025 08:48 pm
Published on:
03 Dec 2025 08:40 pm