बाड़मेर

बाड़मेर: धोरीमन्ना नगरपालिका की पहली चेयरमैन बनीं 21 साल की कीर्ति गोसाईवाल, निर्विरोध हुआ चुनाव

Rajasthan Nikay Election: बाड़मेर में धोरीमन्ना के नगर पालिका बनने के बाद पहली अध्यक्ष मिल गई है। 21 साल 35 दिन की कीर्ति गोसाईवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं। अध्यक्ष पद के लिए उनके सामने कोई दूसरा प्रत्याशी नहीं था।
2 min read
Sep 17, 2026
Kirti Gosaiwal
धोरीमन्ना. नव निर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष कीर्ति गोसाईवाल (Photo-Patrika)

बाड़मेर. धोरीमन्ना के नगर पालिका बनने के बाद बुधवार को यहां की पहली अध्यक्ष मिल गई। महज 21 साल 35 दिन की उम्र में बीए पास कीर्ति गोसाईवाल नगरपालिका की पहली अध्यक्ष निर्विरोध चुनी गई। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके सामने कोई दूसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं रहा। ऐसे में निर्वाचन अधिकारी ने कीर्ति गोसाईवाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। युवा उम्र में नगर पालिका की पहली चेयरमैन बनने के साथ ही उनका निर्विरोध निर्वाचन धोरीमन्ना के राजनीतिक घटनाक्रम का खास अध्याय बन गया।

पहली नगर पालिका, और युवा चेयरपर्सन

धोरीमन्ना को नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद हुए पहले अध्यक्ष पद के चुनाव पर सभी की नजरें थीं। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था। राजनीतिक हलचल और दावेदारों के बीच आखिरकार कीर्ति गोसाईवाल के नाम पर सहमति बनी। नामांकन के बाद उनके सामने कोई प्रत्याशी नहीं होने से उनका निर्वाचन निर्विरोध हो गया।

नव निर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष और स्वागत करते हुए लोग

कीर्ति ने कहा- जनता के विश्वास पर खरा उतरूंगी

निर्विरोध अध्यक्ष बनने के बाद कीर्ति गोसाईवाल ने भाजपा संगठन, राज्य मंत्री केके बिश्नोई और क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुनाव जिताया और अब अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है, उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने धोरीमन्ना के विकास और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।

बाजार में पटाखे फोड़े, बांटी लोगो में मिठाई

कीर्ति गोसाईवाल के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा के साथ ही समर्थकों में उत्साह छा गया। मुख्य बाजार में समर्थकों ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कीर्ति को बधाई दी। नगर पालिका के पहले बोर्ड की पहली अध्यक्ष के रूप में उनके निर्विरोध निर्वाचन को लेकर शहर में दिनभर चर्चा रही। शहर ही नहीं आसपास के गांवों में भी चेयरपर्सन के पद को लेकर लोग की उत्सुकता रही।

सिवाना: सीधी टक्कर

वहीं, सिवाना नगर पालिका सिवाना में पहली बार हुए नगर निकाय चुनावों की मतगणना के बाद कुल 25 वार्डों में से भाजपा ने 14 और कांग्रेस ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत का परचम लहराया। नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद बुधवार को चेयरमैन पद के लिए भाजपा और कांग्रेस की ओर से रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्रसिंह खंगारोत के समक्ष नामांकन पेश किए गए। भाजपा की ओर से चेयरमैन पद के लिए भगवतसिंह भायल तथा कांग्रेस की ओर से पूर्व चेयरमैन रामनिवास ने नामांकन दाखिल किया। गत दो दिनों से चेयरमैन पद के लिए अलग-अलग नामों को लेकर चर्चाएं जोरों पर थीं लेकिन अब इन पर विराम लग गया। चेयरमैन पद के लिए कुल दो नामांकन पेश किए गए।