
बालोतरा. जिला कलक्टर व नवनियुक्त ग्यारह आइएएस अधिकारियों ने गुरुवार को नाकोड़ा तीर्थ में मूलनायक भगवान पाश्र्वनाथ व अधिष्ठायक भैरव देव के दर्शन-पूजन कर खुशहाली की कामना की। इस पर ट्रस्ट मण्डल कोषाध्यक्ष अशोक चौपड़ा, ट्रस्टी जितेन्द्र चौपड़ा ने ट्रस्ट की ओर से जिला कलक्टर शिव प्रसाद मदन नकाते व ग्यारह आइएएस अधिकारियों का साफा व माला पहना, स्मृति चिह्न देकर बहुमान किया।
और इधर...
नकल व नशा नहीं करें
पचपदरा. आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय में अणुव्रत समिति की ओर से आयोजित अणुव्रत सप्ताह का प्रथम दिवस जीवन विज्ञान दिवस के रूप में साध्वी हेमरेखा, ऋतुयशा के सान्निध्य में मनाया गया।
साध्वी हेमरेखा ने कहा कि पढ़ाई को स्मृति में अंकित करने के लिए विद्यार्थियों को पाठ रटना, पुनरावर्तन करना, बोलना और बाद में लिखना चाहिए। कभी नकल व नशा नहीं करें।
साध्वी ऋतुयशा ने कहा कि हमारा शरीर पंच महातत्त्वों से बना हुआ है। उन्होंने विभिन्न शारीरिक मुद्राओं से पंचमहातत्वों के संतुलन के उपाय बताए । तेरापंथ कन्यामण्डल ने मंगलाचरण की प्रस्तुति दी। संचालन अणुव्रत समिति कार्याध्यक्ष महेश बी. खतंग ने व प्रधानाचार्य लालचंद पालीवाल ने आभार ज्ञापित किया। दौलतराम खारवाल, नेहा चौपड़ा, चांदनी भंसाली आदि ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
रैली निकाल मतदान की दी जानकारी
कल्याणपुर. रोड़वा खुर्द के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन हुआ। स्वीप प्रभारी भगवानसिंह राजपुरोहित, स्वीप टीम सदस्य गोविन्दसिंह जुगतावत, राकेश शर्मा के नेतृत्व में छात्रों ने गांव के मुख्य मार्गों से रैली निकालते हुए 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के युवाओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मतदान करने की अपील की। संस्था प्रधान सोनू सांगवान ने बताया कि निबंध , नुक्कड़ नाटक, वाद विवाद प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।
कार्यकारिणी गठित
बालोतरा. भारतीय मानवाधिकार न्याय सुरक्षा परिषद जिला अध्यक्ष हुकमाराम राठौड़ ने पचपदरा के सुनील कुमार चौहान को अध्यक्ष व ममता घुसर को महिला प्रकोष्ठ तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया। उपाध्यक्ष श्याम सिंह चारण, इमरान कुरेशी मनमोहन पारंगी, महासचिव विक्रम सिंह टापरा, मनोहर पालीवाल, अनिल बाराचा, सचिव पंकज टेलर, सिकंदर खान, किरण कुमार, कोषाध्यक्ष हीरानंद हरवानी, गोरधन मुंगड़ा, विधि सलाहकार के. पी. सिंह, बाबूलाल, प्रवक्ता हाजी गुलाम रसूल टांक को मनोनीत किया है।
बारिश के अभाव में जल रही फसलें
पादरू. क्षेत्र के मिठौड़ा, धनवा, पंऊ, ईटवाया, धारणा, पादरू आदि गांवों में वर्षा के अभाव में खेतों में खड़ी फसलें जल रही हैं। चार महिनों की मेहनत पर पानी फिरते देख किसानों की रातों की नींद उड़ गई है। वर्षा अभाव में फसलों के जलने व तालाब,नाडियों में पानी नहीं होने पर पशुओं के चारा,पानी को लेकर ग्रामीण अधिक परेशान दिखाई दे रहे हैं।