
बालोतरा. बाड़मेर जिले में पिछले तीन दिन में मुस्लिम समाज में तीन तलाक के दो मामले सामने आए हैं। एक मामला दो दिन पूर्व 26 सितम्बर को बालोतरा थाने में दर्ज हुआ था, वहीं दूसरा मामला शुक्रवार को पचपदरा थाने में दर्ज हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर जांच शुरू की है।
पचपदरा थाना क्षेत्र के एक जने ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसकी पुत्री का निकाह मुस्लिम रीति रिवाज से नौ साल पूर्व नवातला निवासी एक जने से हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद से ससुराल पक्ष के लोग उसकी पुत्री को दहेज के लिए परेशान करने लगे।
25 सितम्बर को उसकी पुत्री के पति व ससुर ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद ससुर ने दुष्कर्म का प्रयास किया और पति ने उसकी पुत्री को तीन बार तलाक बोल घर से निकाल दिया। पुलिस ने मुस्लिम महिला (विवाह का संरक्षण) अधिनियम 2018 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
और इधर...
लंबित मांगों को लेकर करेंगे विरोध
बालोतरा. राजस्थान संयुक्त संघर्ष समिति ने लंबित मांगों को लेकर नगर के राजकीय नाहटा अस्पताल के प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. राणुलाल खत्री को ज्ञापन सांैपा।
समिति बालोतरा अध्यक्ष मुकेश सोनी ने बताया कि मांगों के नहीं मानने पर फार्मासिस्ट 26 व 27 सितम्बर को काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। 28 व 29 सितम्बर को दो घंटे का अतिरिक्त कार्य करेंगे। 30 सितम्बर को स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्य करेंगे । मांगे नहीं मानने पर वे मजबूर होकर वे सामूहिक अवकाश लेकर कार्य बहिष्कार करेंगे।
वर्तमान में कौशल विकास पाठ्यक्रम रोजगारपरक
बायतु . राजकीय महाविद्यालय बायतु में ईग्रू की ओर से संचालित उद्यमिता व कौशल विकास पाठ्यक्रमों के अन्तर्गत शुक्रवार को इंडक्शन मीटिंग हुई। इसमें क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक निदेशक डॉ. मुख्त्यार अली ने कहा कि वर्तमान परिवेश व परिस्थितियों में कौशल विकास के पाठ्यक्रम रोजगारपरक हैं।
प्राचार्य डॉ. शिप्रा शाह ने संबोधित किया। ईग्रू के स्थानीय समन्वयक ओंकारनारायणसिंह नेे बताया कि ईग्रू की काउंसलिंग कक्षाएं अक्टूम्बर में होगी। असाईनमेंट की अंतिम तिथि 15 नवम्बर रहेगी।