बाड़मेर

36 साल से मूलभूत सुविधाओं का तरस रही आवासन मण्डल कॉलोनी

तीन साल पहले आवासन मंडल में मूलभूत सुविधाओं के लिए दिए थे 3.60 करोड़, अपर्याप्त बजट के चलते हुआ अधूरा काम
2 min read
36 साल से मूलभूत सुविधाओं का तरस रही आवासन मण्डल कॉलोनी
36 साल से मूलभूत सुविधाओं का तरस रही आवासन मण्डल कॉलोनी

-
बालोतरा.

जमींदोज सड़कें, टूटी नालियां,घरों के आगे बहता दूषित पानी, फैली गंदगी व कीचड़ यह स्थिति शहर की 36 वर्ष पहले बसे आवासन मण्डल कॉलोनी की है।

शहर बालोतरा व क्षेत्र के लोगों को सरकारी स्तर पर अच्छे मकान की सुविधा उपलब्ध करवाने को लेकर प्रदेश सरकार के आवासन मण्डल ने वर्ष 1982 में लूनी नदी के दूसरे किनारे पर आवासन मण्डल कॉलोनी विकसित की थी। शुरुआत के कई वर्षों तक शहर व क्षेत्र के लोगों ने यहां निवास करने में रुचि नहीं ली, लेकिन इसके बाद शहर में औद्योगिक कामकाज बढऩे पर रोजगार को लेकर धीरे-धीरे लोगों ने यहां बसना शुरू किया। वर्तमान में आवासन मण्डल के चार सेक्टरों में 800 से अधिक परिवार निवास कर रहे हैं। सड़क व नाली के अधूरे निर्माण पर रहवासियों को हर दिन परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
अप्र्याप्त बजट स्वीकृत, समस्या जस की तस- जुलाई 2015 में प्रदेश सरकार ने आवासन मण्डल में सड़क, नाली निर्माण, रोडलाइट, उद्यान रखरखाव आदि कार्यों को लेकर 3 करोड़ 60 लाख रुपए स्वीकृत किया था। इस पर सेक्टर 2 व 4 में सड़क व नालियों का कार्य किया गया। कॉलोनी के सेक्टर 1 व 3, जिसमें सर्वाधिक परिवार रहते हैं, बजट के अभाव में विकास का कोई कार्य नहीं करवाया गया। दशकों पुरानी सड़क टूटने के साथ जमींदोज हो गई। इस पर रहवासियों को आवागमन दिक्कत होती है। टूटी,दबी नालियों पर घरों से निकला दूषित पानी मार्ग पर जमा होता है। दुर्गंध के साथ कीचड़ में मच्छरों के पनपने पर लोग खुले ेमें बैठ व सो नहीं पाते हैं। वर्षा के दिनों में कई दिनों तक कीचड़ नहीं सूखने मार्ग से गुजरना मुश्किल हो जाता है। स्थिति से सरकार, आवासन मण्डल व प्रशासन के अच्छी तरह से वाकिफ होने के बावजूद सड़क व नाली निर्माण जैसा जरूरी कार्य नहीं करवाने पर रहवासियों का जीना दूभर हो गया है।

बद से बदतर स्थिति - आवासन मण्डल कॉलोनी की स्थिति बद से बदत्तर है। सड़क के अभाव में पूरे दिन रेत उड़ती है। रात्रि के अंधेरे में ठोकरें लगती है। कहीं कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। - दयाराम सरगरा

दूषित पानी का फैलाव-आवासन मण्डल कॉलोनी में नालियों के टूटने व धंसने पर हरदम मार्गों पर दूषित पानी फैला रहता है। कीचड़ के चलते दिक्कत होती है। दुर्गंध पर सांस लेना दूभर हो गया है। - गेंबरसिंह

ध्यान नहीं दे रहे- कॉलोनी में सुविधा नाम की कोई चीज नहीं है। हर दिन परेशानी उठाते हैं। समस्याओं से अवगत करवाने के बावजूद सरकार व आवासन मण्डल अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। - गोकुलसिंह

पग-पग पर परेशानी, नहीं सुनवाई- वर्षों की मांग पर सरकार ने 3 करोड़ 60 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। इससे सेक्टर 2 व 4 में विकास के कुछ कार्य हुए। पुराने सेक्टर, जहां सर्वाधिक परिवार रहते हैं, वहां सड़क, नाली के अभाव में रहवासियों को पग-पग पर परेशानी उठानी पड़ती है। कहीं कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। - राधेश्याम दाधीच, अध्यक्ष आवासन मण्डल विकास समिति

Published on:
19 Jun 2018 07:25 pm