- शहर का विकास हो रहा बाधित- शहीद सर्किल से हरलाल छात्रावास तक होना है निर्माण
बाड़मेर पत्रिका. नगरपरिषद अधिकारियों की लापरवाही के कारण शहर का विकास बाधित हो रहा है। शहर के शहीद सर्किल से हरलाल छात्रावास तक जर्जर हालात में नाले के सीसी निर्माण की फाइल चार माह से नगर परिषद की विकास शाखा में अटकी पड़ी है। नाले का निर्माण नहीं होने का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
शहीद सर्किल से हरलाल छात्रावास तक बना नाला काफी पुराना होने के चलते पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इसकी मरम्मत कार्य करने के लिए नगर परिषद के अधिकारियों ने कार्ययोजना तैयार कर करीब चार माह पूर्व 80 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की। इसके बाद यह फाइल अब जिम्मेदारों की फाइनल स्वीकृति के इंतजार में अटकी हुई है।
दिन भर कीचड़ से निकल रहे लोग
सिणधरी सर्किल पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते पहले से जर्जर नाला पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। एेसे में यहां दिन भर कीचड़ जमा रहता है। शहीद सर्किल के चारों तरफ गंदगी का आलम है। एेसे में यहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यहां पहुंचता है गंदा पानी
शहर के आधे हिस्से के गंदे पानी की निकासी इस नाले से होती है। शहर के नेहरूनगर, महावीर नगर, अम्बेडकर कॉलोनी सहित कई इलाकों को गंदा पानी यहां पहुंचता है। लेकिन नाला पूरी तरह जर्जर होने से गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है।
अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं
एक साल से नाले के निर्माण को लेकर मांग की जा रही है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। एेसे में आमजन को परेशानी हो रही है।
- प्रीतमदास जीनगर, उप सभापति नगर परिषद
अधिकारी की गलती से रुकी थी फाइल
जिम्मेदार अधिकारी की वजह से यह फाइल रुकी थी, अब इस नाले का जल्दी निर्माण करवाया जाएगा। इससे आमजन को राहत मिलेगी।
- लूणकरण, सभापति
फाइल देखकर बता पाऊंगा
मेरे ध्यान में नहीं है। यह मामला फाइल देखकर ही बता पाऊंगा।
- प्रकाश डूडी, आयुक्त, नगर परिषद बाड़मेर