
बालोतरा.
नगर के माली समाज की ओर से राघवदास आश्रम में रामेश्वर महादेव मंदिर की 15वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। आयोजित विभिन्न कार्यक्रर्मों में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।
सचिव प्रेम टॉक ने बताया कि संत राघवदास व नरसिंहदास के सान्निध्य में सोमवार सुबह यज्ञ आयोजन हुआ। ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार पर यजमानों व श्रद्धालुओं ने आहुतियां दी। देव प्रतिमाओं का अभिषेक पूजन कर आकर्षक शृंगार किया गया। लाभार्थी परिवार ने मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई। आरती उतार प्रसाद का भोग लगाया। पूर्व सभापति महेश चौहान ने शिक्षा विकास व सामाजिक एकजुटता की बात कही। इस दौरान भामाशाहों का बहुमान किया। इससे पूर्व रात्रि में आयोजित जागरण में भजन गायक प्रकाश माली, जोगभारती, हर्ष माली, अशोक प्रजापत, जबराराम माली, राजेश माली, छगन माली, तरुण प्रजापत ने भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक चले जागरण का भक्तों ने आनंद उठाया।
नशे से दूर रहने का आह्वान
बालोतरा. दूधेश्वर महादेव मठ टापरा में मंदिर प्रतिष्ठा की आठवीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई। महंत शंभूवन ने मंदिर में महादेव व अन्य देव प्रतिमाओं का पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। लाभार्थी ने मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर परिवार में खुशहाली की कामना की। दिन भर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। कार्यक्रम में मौजूद संतों ने धार्मिक कार्यक्रर्मों में बढ़चढ़ कर भाग लेने व नशे से दूर रहने की बात कही। पूर्व संध्या में आयोजित जागरण में गायकों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी।
पातों का बाड़ा में आश्रम की वर्षगांठ मनाई
बालोतरा.
गांव पातों का बाड़ा के श्रीहरि गोविंद आश्रम की वर्षगांठ सोमवार को धूमधाम से मनाई गई। आयोजित कार्यक्रर्मों में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
आश्रम वर्षगांठ आयोजन को लेकर मंदिर पुजारी अरविंद दवे पातों का बाड़ा ने मंदिर में विराजित हनुमानजी व हरि, गोविंद की प्रतिमाओं का अभिषेक पूजन कर आकर्षक शृंगार किया। मुकेश जोशी के मंत्रोच्चार पर श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण व क्षेत्र में अच्छे जमाने की कामना की। रीटा जोशी ने मंत्रोच्चार के साथ मंदिर शिखर पर गाजे-बाजे से ध्वजा चढ़ाई। श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए व महिलाओं ने भजन गाए। इसके बाद महाआरती उतार कर महाप्रसादी का भोग लगाया गया। रीटा जोशी ने कहा कि शिक्षा से ही जीवन का सर्वांगीण विकास किया जा सकता है। अभिभावक बच्चों को अच्छी शिक्षा व संस्कार देेंं। उन्होंने बालकों को खिलौने भेंट किए। इस अवसर पर रामदास संत, रतनलाल राव, मगराज सोलंकी, मिश्राराम तरक, प्रेमा सुथार, जुगल किशोर दवे, कानसिंह सोलंकी महेशनगर, धनरूपदास मौजूद रहे।