बाड़मेर

Barmer Blast: बारूद कूटते समय घर में हुआ विस्फोट, किसान के चीथड़े उड़े, तीन लोगों की हालत नाजुक

बाड़मेर जिले बाटाडू क्षेत्र में शनिवार दोपहर को एक घर में अचानक हुए विस्फोट से एक किसान की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे में किसान मानाराम जाट की मौत हुई है। वहीं उनकी पत्नी केशी देवी, बेटी भगवती और 68 वर्षीय राजूराम कुम्हार गंभीर घायल हुए हैं।
2 min read
Aug 22, 2026
Barmer
Barmer: फोटो-पत्रिका

बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले में शनिवार दोपहर एक घर में अचानक हुए विस्फोट से हड़कंप मच गया। बाटाडू तहसील क्षेत्र के खिंपसर गांव में हुए इस हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, बेटी और एक पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जंगली सुअरों को खेतों से दूर रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बारूद को छोटे टुकड़ों में करने की कोशिश के दौरान विस्फोट हुआ।

हादसे में खिंपसर निवासी मानाराम जाट की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी पत्नी केशी देवी, बेटी भगवती और 68 वर्षीय पड़ोसी राजूराम कुम्हार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि राजूराम किसी कार्य से वहां पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल बाटाडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सरकारी एंबुलेंस से जोधपुर रेफर किया गया।

लोहे की मूसल से बारूद कूटने के दौरान धमाका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खेतों में जंगली सुअरों से फसल को बचाने के लिए बारूद का इस्तेमाल किया जाता था। बताया जा रहा है कि इसी बारूद को छोटे-छोटे टुकड़ों में करने के लिए घर के अंदर लोहे की मूसल से कूटा जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया।

विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में भी इसकी आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

घर में मौजूद थे परिवार के सदस्य

बताया जा रहा है कि घटना के समय मानाराम के परिवार के कई सदस्य घर में मौजूद थे। मानाराम चार भाई हैं और सभी अलग-अलग रहते हैं। उसका बेटा उस समय ननिहाल गया हुआ था। घर में उसकी पत्नी, दो बेटियां और एक पड़ोसी मौजूद थे। घटना के समय मानाराम की बड़ी बेटी रसोई में खाना बना रही थी, जबकि छोटी बेटी उसके साथ कमरे में मौजूद थी। इसी दौरान बारूद को कूटते समय विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से मानाराम की मौत हो गई और परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में बारूद को मूसल से कूटने के दौरान विस्फोट होने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बारूद कहां से लाया गया था और घर में इसे किस उद्देश्य से रखा गया था। साथ ही विस्फोट की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। वहीं गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों का जोधपुर में उपचार जारी है।

यह वीडियो भी देखें :

इन्होंने कहा-

परिजनों की रिपोर्ट मिली है। जंगली सुअरों को भगाने के लिए बारूद को छोटे-छोटे टुकड़ों में करने के लिए लोहे की मूसल से कूट रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हो गया। परिवार बारूद कहां से लेकर आया, इसकी भी जांच की जा रही है। एक की मौत हो गई, तीन जने घायल हैं। -दिनेश, थानाधिकारी, नागाणा

Updated on:
22 Aug 2026 11:07 pm
Published on:
22 Aug 2026 11:07 pm