
गांधीपुरा इलाके की घटना : जोधपुर के अस्पताल में उपचार के बाद दी छुट्ïटी
धुपाई इकाई में टैंक की सफाई के दौरान स्लज की जहरीली गैस का रिसाव, 3 श्रमिक बेहोश
बालोतरा. गांधीपुरा इलाके में रविवार को एक धुपाई इकाई में प्रदूषित पानी के स्टोरेज टैंक की सफाई करते तीन श्रमिक बेहोश हो गए, जिनको राजकीय नाहटा अस्पताल लाया।तीनों श्रमिकों में पिता-पुत्र व एक अन्य है।
दीपावली पर्व को लेकर औद्योगिक इकाइयों में इन दिनों कामकाज बंद है। उद्यमी इकाइयों में मशीनरी रखरखाव व साफ सफाई के कामकाज में जुटे हुए हैं। गांधीपुरा इलाके में स्थित एक धुपाई इकाई में रविवार सुबह दीपाराम (42) पुत्र चंपालाल, जेठालाल (21) पुत्र दीपाराम व जगदीश (20) पुत्र पवन कुमार निवासी वार्ड 26 बालोतरा प्रदूषित पानी के स्टोरेज टैंक की सफाई कर रहे थे। दोपहर में वे टैंक के तल में जमे स्लज को बाहर निकालने के लिए इसमें उतरे। इस दौरान स्लज में जहरीली गैस का रिसाव होने से बेहोश हो गए। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस से लोग मौके पर पहुंचे तथा टैंक से बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर चिकित्सकों ने उपचार किया। घटना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर उपनिरीक्षक संजना बेनीवाल मय जाप्ता मौके पर पहुंची तथा घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद तीनों को चिकित्सकों ने जोधपुर रैफर किया। वहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छुट्ïटी दे दी।
ये भी पढ़े...
कार पलटी एक की मौत
शिव . कानासर में स्टेट हाईवे 65 पर शनिवार रात कार पलटने से एक जने की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कानासर निवासी सांगाराम पुत्र केसराराम भील कार से गांव की ओर आ रहा था। इस दौरान कार पलटने से वह गंभीर घायल हो गया। उसे राजकीय चिकित्सालय लाया गया, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव मोर्चरी में रखवाया। रविवार को परिजन की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया।