बाड़मेर

नजर आने लगी रिफाइनरी की सूरत

400 करोड़ के काम जारी, उम्मीदों के लगे पंख
2 min read
नजर आने लगी रिफाइनरी की सूरत
नजर आने लगी रिफाइनरी की सूरत

- 400 करोड़ के काम जारी, उम्मीदों के लगे पंख

- सड़क, चारदीवारी, उच्च जलाशय निर्माण एवं जमीन समतलीकरण प्रगति पर

बालोतरा.
प्रदेश व क्षेत्र के विकास व युवाओं को रोजगार का पर्याय मानी जाने वाली रिफाइनरी अब आकार ले रही है। जमीन समतलीकरण, चारदीवारी, सड़क, वाटर स्टोरेज टैंक निर्माण, पेयजल व विद्युत लाइन शिफ्ंिटग आदि कार्य पर रिफाइनरी का शुरुआती चेहरा नजर आने लगा है। लगभग 400 करोड़ से अधिक राशि के स्वीकृत व जारी कार्य पर वर्षों से विकास की बाट जोह रहे लोगों को अब आशा की किरण दिखाई दे रही है।

जिले में एक दशक से अधिक समय पूर्व मिले क्रूड ऑयल से उत्साहित रहवासी रिफाइनरी स्थापना की उम्मीद संजोए बैठे हैं। इसके निर्माण को लेकर पहले भूमि विवाद व फिर शिलान्यास के बाद कार्य शुरू नहीं होने से आमजन निराश था। 16 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पचपदरा में रिफाइनरी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया तो थोड़ी आशा जगी। शिलान्यास के एक माह बाद कार्य आरम्भ हुआ तो लगा कि अब जिले में रिफाइनरी जरूर लगेगी।

---

ये कार्य प्रगति पर

निर्माण स्थल पर 30 किलोमीटर लम्बाई में चारदीवारी निर्माण किया जाना है। अब तक लगभग 4.5 किलोमीटर से अधिक कार्य हो गया है। सैकड़ों श्रमिक इस कार्य में जुटे हुए हंै। रिफाइनरी स्थल पर समतलीकरण का काम भी हो रहा है। इसमें 150 से 200 ट्रक लगे हुए हैं। लगभग 16 किलोमीटर की मुख्य व 20 किलोमीटर की छोटी सड़कें बननी हैं। इसमें से 8 किलोमीटर सड़कें बन गई हैं। एक करोड़ लीटर क्षमता का उच्च जलाशय निर्माण किया जा रहा है। नाचना- जैसलमेर से यहां तक पानी लाने को लेकर इंजीनियर इन दिनों सर्वे कर रहे हैं। इसके पूरा होने पर नाचना से पचपदरा तक भूमि अवाप्ति एवं पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। पांच माह से अधिक समय से रिफाइनरी क्षेत्र में जारी निर्माण कार्य पर अब इसका स्वरूप नजर आने लगा है।

Published on:
08 Jul 2018 07:58 pm