Rajasthan News: घटना के रोज इनके बीच विवाद हुआ तो आरोपी ने सवाईराम को देख लेने की धमकी दी। इस वजह से सवाईराम ने दुष्प्रेरणा की वजह से आत्महत्या कर ली।
Suicide After Wife's Illicit Affair: बाड़मेर के चौहटन थाना क्षेत्र के मंगलासर कोनरा गांव में 12 मार्च को हुई सवाईराम की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह मामला पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ा हुआ सामने आया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिश आर्य के निर्देशन और वृत्ताधिकारी जेठाराम मेघवाल के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी समदा और उसके कथित प्रेमी शकरदीन को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में शकरदीन पुत्र हाजी मोहिब खान मुसलमान निवासी कोनरा और समदा पत्नी सवाईराम मेघवाल निवासी मंगलासर कोनरा शामिल हैं। पुलिस टीम ने दोनों को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया और मामले में आगे की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार 12 मार्च को मृतक के भाई मदन पुत्र कचराराम मेघवाल निवासी मंगलासर कोनरा ने चौहटन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई सवाईराम की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसमें उसकी पत्नी समदा तथा उसके प्रेमी शकरदीन की भूमिका हो सकती है। परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। इस जांच की जिम्मेदारी थानाधिकारी ललित किशोर को सौंपी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शकरदीन और समदा के बीच अवैध संबंध होने की बात को लेकर सवाईराम ने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था। घटना वाले दिन भी सवाईराम और दोनों आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी शकरदीन ने सवाईराम को देख लेने की धमकी दी थी।
पुलिस के अनुसार इसी धमकी और मानसिक दबाव के कारण सवाईराम ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्प्रेरणा का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वृत्ताधिकारी जेठाराम मेघवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।