बाड़मेर

बाड़मेर जिले में होगा बड़ा फेरबदल, 47 गांवों को मिलेगी राहत, नए पुलिस थाने और चौकियों के प्रस्ताव तैयार

बाड़मेर और बालोतरा जिले की सीमाओं में हुए बदलाव के बाद अब पुलिस महकमा जनता की सहूलियत के लिए बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी में है। SP नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर बाड़मेर जिले में तीन नए थाने और एक नया पुलिस वृत (CO) मुख्यालय बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
2 min read
Feb 09, 2026
Barmer Police New Thana
Barmer Police New Thana (Photo-AI)

Barmer News: बाड़मेर-बालोतरा जिले की सीमाएं बदलने के बाद पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया जा रहा है। गुड़ामालानी, रागेश्वरी और धोरीमन्ना थानों के 47 गांव अब बाड़मेर सदर थाने में जोड़े गए हैं।

आमजन की सुविधा के लिए नोखड़ा, बाछड़ाऊ और भिंयाड़ में नए पुलिस थाने तथा वीरातरा माता मंदिर में पुलिस चौकी खोलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नवगठित भिंयाड़ पंचायत समिति में 25 ग्राम पंचायतों के लिए अलग थाना प्रस्तावित है, जिससे लोगों को शिव नहीं जाना पड़ेगा।

वहीं, शिव को पुलिस वृत मुख्यालय बनाने की भी योजना है। जहां डिप्टी स्तर के अधिकारी तैनात होंगे। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि सभी प्रस्ताव सरकार को भेजे जाएंगे, ताकि बदली सीमाओं के अनुसार पुलिस सेवाएं आमजन तक जल्दी पहुंच सकें।

इन जगहों पर प्रस्तावित हैं नए थाने और चौकियां

  • नोखड़ा: रागेश्वरी और गुड़ामालानी थाने की 31 ग्राम पंचायतों को मिलाकर नया थाना बनेगा।
  • बाछड़ाऊ: धोरीमन्ना और सदर थाने के बीच 65 किमी की दूरी को कम करने के लिए बाछड़ाऊ को सेंटर पॉइंट मानकर नया थाना प्रस्तावित है।
  • भिंयाड़: नई पंचायत समिति बनने के साथ ही अब इसे पुलिस थाना भी बनाया जाएगा। अब 25 पंचायतों के लोगों को शिव जाने की जरूरत नहीं होगी।
  • शिव (CO Office): लंबे समय से चल रही मांग के बाद शिव को नया पुलिस वृत मुख्यालय बनाने की तैयारी है। अब यहां पुलिस डिप्टी (DSP) बैठेंगे।
  • वीरातरा माता मंदिर: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यहां नई पुलिस चौकी खोलना प्रस्तावित है।

क्यों पड़ी जरूरत?

जिलों के पुनर्गठन के बाद गुड़ामालानी, रागेश्वरी और धोरीमन्ना के 47 गांवों को बाड़मेर सदर थाने में जोड़ा गया था। सदर थाने से इन गांवों की दूरी अधिक होने के कारण आमजन को परेशानी हो रही थी। इसी दूरी को कम करने के लिए अब 'बाछड़ाऊ' और 'नोखड़ा' जैसे क्षेत्रों में नए थाने बनाए जा रहे हैं।

आबादी और नई सीमाओं के हिसाब से पुलिस थानों का प्रस्ताव सरकार को भेजा जा रहा है ताकि आमजन को तत्काल पुलिस सहायता मिल सके।
-नरेंद्र सिंह मीना, एसपी बाड़मेर

Updated on:
09 Feb 2026 12:04 pm
Published on:
09 Feb 2026 12:04 pm