बाड़मेर

Barmer: ऑनलाइन सीखी ड्रग्स बनाने की तकनीक,खेत में खोली फैक्टरी, पुलिस ने किया पर्दाफाश

Rajasthan Drug Network: पश्चिमी राजस्थान को सिंथेटिक ड्रग्स का नया गढ़ बनाने की साजिश का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने इंटरनेट पर एमडी बनाने का तरीका सीखकर नेटवर्क खड़ा कर लिया था।

2 min read
Rajasthan Drug Racket Busted
Photo: Patrika

Rajasthan Drug Network: पश्चिमी राजस्थान को सिंथेटिक ड्रग्स का नया गढ़ बनाने की साजिश का खुलासा हुआ है। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बाड़मेर में एमडी ड्रग्स के कच्चे माल की बरामदगी के बाद जांच का दायरा बढ़ाया तो इसकी कड़ियां जोधपुर ग्रामीण के कापरड़ा थाना क्षेत्र स्थित रामड़ावास कल्ला तक पहुंच गई।

यहां एक मकान में एमडी (मेफेड्रोन) बनाने के लिए रसायन और उपकरण जुटाए गए थे। कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। आरोपियों ने इंटरनेट पर एमडी बनाने का तरीका सीखकर नेटवर्क खड़ा कर लिया था।

इंटरनेट पर सीखा एमडी बनाने का तरीका

जांच में सामने आया कि राजस्थान और मध्यप्रदेश के युवकों ने मिलकर एमडी निर्माण का नेटवर्क खड़ा किया था। कुछ आरोपी पहले बेंगलुरु में साथ काम कर चुके थे और वहीं उनकी पहचान हुई। बाद में अधिक कमाई के लालच में उन्होंने इंटरनेट और यूट्यूब की मदद से एमडी बनाने का तरीका सीखा तथा पश्चिमी राजस्थान में फैक्टरी खड़ी करने की योजना बनाई।

एएनटीएफ अधिकारियों का कहना है कि यदि यह फैक्टरी पूरी तरह शुरू हो जाती तो करोड़ों रुपये की एमडी बाजार में पहुंच सकती थी। एजेंसी ने तैयार ड्रग्स के बजाय उसके निर्माण में उपयोग होने वाले केमिकल पर कार्रवाई कर पूरे षड्यंत्र को शुरुआती चरण में ही नाकाम कर दिया।

खेत से एमडी रसायन की खेप बरामद

एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकासकुमार ने बताया कि बाड़मेर के धणाऊ क्षेत्र में एक खेत पर छापेमारी के दौरान एमडी निर्माण में काम आने वाला प्रतिबंधित रसायन से भरा ड्रम बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी नारायणराम ने खुलासा किया कि जोधपुर जिले के रामड़ावास कल्ला स्थित उसके घर में एमडी बनाने के उपकरण और अन्य रसायन रखे हुए हैं तथा वहां निर्माण प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी थी। सूचना मिलते ही एएनटीएफ और कापरड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर वहां से बड़ी मात्रा में रसायन और उपकरण जब्त कर लिए। पुलिस ने बाड़मेर से 42.660 किलो केमिकल और अन्य उपकरण बरामद किए।

ये आरोपी गिरफ्तार

एएनटीएफ टीम ने नारायणराम पुत्र सूरजाराम जाति विश्नोई निवासी रामडावास कलां पीपाड़, अशोक कुमार पुत्र हनुमानराम विश्नोई निवासी केरिया थाना चितलवाना, सुमेरसिंह पुत्र भगवान सिंह राजपूत निवासी बरखेड़ा जयसिंह,पिपलिया मंडी मध्यप्रदेश, प्रेम सिंह पुत्र फूंदा सिंह राजपूत निवासी जमालपुरा, मंदसौर मध्यप्रदेश, विजयपाल सिंह पुत्र नागू सिंह राजपूत निवासी कुम्हारी, जिला रतलाम, मध्यप्रदेश और हेमाराम पुत्र हमीरा राम विश्नोई निवासी छछी बेरी पुलिस थाना धनाउ जिला बाड़मेर को पकड़ा है।

Published on:
03 Jun 2026 07:04 am