बाड़मेर

विवादित बयान के बाद MLA अभिमन्यु पूनिया की बढ़ी मुश्किलें, बाड़मेर में इन धाराओं में FIR दर्ज; CID-CB करेगी जांच

Rajasthan Politics: यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व सांगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया के खिलाफ सोमवार को बाड़मरे के सेड़वा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ हैं।

2 min read
Dec 02, 2024

Rajasthan Politics: यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व सांगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया के खिलाफ सोमवार को बाड़मरे के सेड़वा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ हैं। विधायक ने सेड़वा कस्बे में 30 नवंबर को एक कार्यक्रम में विवादित बयान दिया था। जानकारी के मुताबिक अभिमन्यु पूनिया के खिलाफ BNS की धारा 192, 352, 351 (2), 353(1) बी, 56 और 57 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब इस मामले की जांज CID-CB करेगी।

पुलिस अधीक्षक नरेन्द्रकुमार मीना ने बताया कि एक कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व विधायक अभिमन्यु पूनिया ने विवादित बयान दिया था। इस पर जोधपुर रेंज आइजी पुलिस विकास कुमार ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने भड़काऊ भाषण देने के आरोप समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। वहीं, इस मामले की जांच सीआइडी सीबी करेगी।

जोधपुर IG ने लिया था एक्शन

सोमवार को जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार ने संज्ञान लेते हुए बाड़मेर एसपी को कानूनी राय लेकर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। आईजी विकास कुमार ने एक वीडियो जारी कर बताया था कि विधायक का बयान प्रथम दृष्टया अपराध करने के लिए भड़काने वाला है। बाड़मेर एसपी को विधिक राय लेकर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।

पूनिया ने ये दिया था बयान

गौरतलब है कि सांगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया बाड़मेर के सीमावर्ती क्षेत्र सेड़वा उपखंड मुख्यालय यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ‘नशा नहीं नौकरी दो’ कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान अभिमन्यु पूनिया ने विवादित बयान देते कहा कि अगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ कोई अधिकारी मनमानी करता हैं, तो उसे ठोक दिया करो, बाद में हम निपट लेंगे।

उन्होंने कहा था कि कांग्रेस का झंडा लेकर, यदि तहसील, उपखंड कार्यालय और आईजी तक का भी घेराव करना पड़े तो कांग्रेस का कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेगा। विधायक के विवादित बयान के समय मंच पर बाड़मेर के सांसद उम्मेदा राम बेनीवाल सहित कांग्रेस के कई पूर्व विधायक भी मौजूद थे। इधर, बीजेपी के नेताओं द्वारा कांग्रेसी विधायक के इस विवादित बयान की जमकर आलोचना की जा रही है।

Published on:
02 Dec 2024 09:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर