बाड़मेर

बालोतरा न्यूज: समदड़ी में मालगाड़ी से कटकर मां-बेटे की मौत, ट्रैक पर पड़े मिले शव; इलाके में पसरा सन्नाटा

बालोतरा जिले के समदड़ी रेलवे यार्ड में सोमवार तड़के मालगाड़ी की चपेट में आने से मां और बेटे की मौत हो गई। दोनों के शव रेलवे ट्रैक पर मिले। मृतकों की पहचान पूनम और उनके 28 वर्षीय बेटे प्रवीण सेन के रूप में हुई।
2 min read
Jul 20, 2026
Balotra News
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस (पत्रिका फोटो)

Balotra News: बालोतरा के समदड़ी रेलवे स्टेशन यार्ड से एक दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार तड़के समदड़ी रेलवे यार्ड में मालगाड़ी की चपेट में आने से मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बता दें कि घटना सोमवार सुबह तड़के लगभग 2:30 बजे की बताई जा रही है। समदड़ी स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को सूचना दी कि रेलवे स्टेशन यार्ड में पोल संख्या 1015 और 1016 के बीच, रेल लाइन संख्या-4 पर एक युवक और महिला का शव पड़ा हुआ है। दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गए थे।

सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस चौकी समदड़ी और रेलवे सुरक्षा बल की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले रेलवे ट्रैक को खाली कराया, ताकि रेल यातायात बाधित न हो। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

शवों की पहचान

जांच के दौरान पुलिस को मृतक युवक की जेब से पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले, जिसके आधार पर उसकी प्राथमिक पहचान प्रवीण (28) पुत्र गोपाराम सेन, निवासी धीरागांव (थाना सिवाना, जिला बालोतरा) के रूप में हुई। महिला के पास से एक बिना सिम कार्ड का कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों शवों की पहचान पूनम और उनके पुत्र प्रवीण के रूप में की और पुष्टि की कि वे रिश्ते में मां-बेटे थे।

जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय चिकित्सालय समदड़ी की मोर्चरी में रखवाया। जहां उनका पोस्टमॉर्टम किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की ओर से दी जाने वाली औपचारिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचे और यह हादसा महज एक दुर्घटना था या इसके पीछे कोई अन्य कारण। जीआरपी पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

Updated on:
20 Jul 2026 06:31 pm
Published on:
20 Jul 2026 06:31 pm