
- एनएच-25 पर कुड़ी के पास हुआ हादसा
एक युवक की मौत हो गई तथा महिला समेत दो जने घायल हो गए
बालोतरा . पचपदरा थाना क्षेत्र में राजमार्ग- 25 पर सोमवार शाम तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से एक बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई तथा महिला समेत दो जने घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पचपदरा थाना एएसआई सांगसिंह के अनुसार शाम 6 बजे पचपदरा सॉल्ट निवासी लालाराम (18) पुत्र मांगीलाल भील पचपदरा से रिश्तेदार सरूपा राम (14) पुत्र हड़मान राम निवासी कुड़ी व लक्ष्मी देवी (30) पत्नी केवल राम निवासी बिठूजा को कुड़ी गांव छोडऩे जा रहा था। इस दौरान भांडिया वास से पास सामने से आ रहे टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे लाला राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लक्ष्मी व सरूपा राम घायल हो गए। उन्हें निजी वाहनों से बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायल सरूपा राम को जोधपुर रैफर किया गया। पुलिस ने दोनों वाहन कब्जे कर थाने में खड़े करवाए। शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया इनका मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपा जाएगा।
और इधर...
बैल को बचाने के प्रयास में बाइक फिसली
धोरीमन्ना. नेडीनाडी गोलाई में सोमवार को बैल को बचाने के प्रयास में बाइक फिसल गई। इससे दो जने गंभीर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार भंवर लाल (20) पुत्र रायचन्दराम व आसू राम (16) पुत्र रामलाल निवासी सांवा धोरीमन्ना आ रहे थे। इस दौरान बाइक फिसलने वे गंभीर घायल हो गए। उन्हें 108 एम्बुलेंस के चालक नेताराम व ईएमटी लाखाराम मूढ़ ने धोरीमन्ना अस्पताल पहुंचाया।
शांतिभंग के आरोप में एक गिरफ्तार
शिव . हड़वा ग्राम पंचायत के मणिहारी निवासी एक जने को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार खेताराम पुत्र खिमाराम कुमावत परिवार के सदस्यों झगड़ा कर रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर उसे शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया।