बाड़मेर

Rajasthan : 21 सालों से राहगीरों की प्यास बुझा रहा यह बुजुर्ग, तारीफ करते नहीं थक रहे लोग

राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले 77 साल के बुजुर्ग थानाराम पिछले 21 सालों से तपती गर्मी में राहगीरों की प्यास बुझा रहे हैं। जिस जगह पर वे पानी पिलाते हैं, न कोई प्रचार करते हैं न कोई दान पेटी है। उनकी इस निःस्वार्थ सेवा को देखकर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
2 min read
Jun 18, 2026
Barmer Thanaram
Barmer: राहगीरों को पानी पिलाते बुजुर्ग थानाराम (फोटो- @MansaRajasthani)

बाड़मेर। आज के दौर में अधिकांश लोग नेक काम भी सोशल मीडिया पर वायरल होने, कुछ लाभ पाने और पहचान के लिए करते हैं। दूसरी तरफ राजस्थान के एक बुजुर्ग ने निस्वार्थ सेवा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है। बाड़मेर जिले के हूडो की ढाणी गांव निवासी 77 वर्षीय थानाराम कड़वासरा पिछले 21 वर्षों से राहगीरों को मुफ्त में ठंडा पानी पिलाकर मानवता की सेवा कर रहे हैं। न उनके पीछे कोई कैमरा है, न उनके मन में कोई लालसा।

थानाराम बाड़मेर-बटाडू मार्ग के किनारे प्रतिदिन पानी के मटके भरकर रखते हैं और गुजरने वाले यात्रियों, बस सवारों, टैक्सी चालकों तथा अन्य राहगीरों को ठंडा पानी पिलाते हैं। राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में गर्मियों के दौरान तापमान अक्सर 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। ऐसे में लंबी यात्रा करने वालों के लिए एक गिलास ठंडा पानी किसी अमृत से कम नहीं होता। स्थानीय लोगों ने बताया कि बुजुर्ग के इस काम में उनका परिवार भी कई बार शामिल होता है। जिस जगह पर वे पानी पिलाते हैं, वहां वाहन आकर ठहर जाते हैं और प्रचंड गर्मी में पानी लेकर चले जाते हैं।

प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं

सबसे खास बात यह है कि थानाराम अपने इस सेवा कार्य का कभी प्रचार नहीं करते। वहां न कोई बड़ा बोर्ड लगा है, न ही दान पेटी रखी गई है। वह बिना किसी स्वार्थ, प्रसिद्धि या पुरस्कार की इच्छा के प्रतिदिन लोगों की प्यास बुझाने में जुटे रहते हैं। उनका मानना है कि प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं हो सकता।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद लोग उनके सेवा भाव की जमकर सराहना कर रहे हैं। हजारों सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने उन्हें इंसानियत की मिसाल बताया है। किसी ने उन्हें 'रेगिस्तान का फरिश्ता' कहा तो किसी ने 'पानी वाले बाबा' की उपाधि दी। लोगों का कहना है कि ऐसे व्यक्तित्व समाज को सकारात्मक दिशा देने का काम करते हैं।

समाज के लिए प्रेरणास्रोत

77 वर्ष की उम्र में भी जिस समर्पण और ऊर्जा के साथ थानाराम यह सेवा कर रहे हैं, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन संदेश देता है कि इंसानियत की पहचान बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि रोज किए जाने वाले छोटे-छोटे नेक कामों से होती है। यही कारण है कि उनकी कहानी आज लाखों लोगों के दिलों को छू रही है।

सोशल मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ

थानाराम का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया। इस वीडियो को हजारों लोगों ने शेयर किया है। वीडियो को लगातार लोग देख रहे हैं उनकी तारीफ करने से नहीं थक रहे। सोशल मीडिया यूजर का मानना है कि पानी वाले बाबा नेक इनसान हैं, ऐसे लोगों कितनी भी तारीफ की जाए कम है। क्योंकि वह समाज की असली सेवा कर रहे हैं। इसके पीछे उनका कोई व्यक्तिगत लाभ नहीं है।

Updated on:
18 Jun 2026 04:33 pm
Published on:
18 Jun 2026 04:32 pm