18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में मानसून की आहट: उदयपुर में प्री-मानसून की पहली बारिश, अगले 4 दिन कई जिलों में बारिश की प्रबल संभावना

Rajasthan Pre Monsoon: राजस्थान में 18 जून से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 18 जून से लेकर 22 जून तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।

3 min read
Google source verification
Rajasthan Pre Monsoon

उदयपुर में बुधवार शाम हुई प्री-मानसून की पहली बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। Photo- Patrika

Rajasthan Pre Monsoon: आधा जून बीतने के साथ ही राजस्थान में प्री मानसूनी बरसात का क्रम शुरू हो गया है। समूचे मेवाड़ में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज होने लगी हैं। अगले कुछ दिन प्री मानसून का असर रहने के बाद मानसून आने को तैयार है। पिछले 24 घंटे में राज्य के पूर्वी भाग में कुछ जगह मेघगर्तन व हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं पश्चमी भाग में कई जगह हल्की बारिश हुई। प्रदेश में कहीं भी लू दर्ज नहीं की गई। 18 जून से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 जून तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना जताई है।

18 जून को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर व कोटा संभाग के जिलों में तेज मेघगर्जन, आंधी (60-70 Km/h) के साथ कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। बुधवार को उदयपुर में दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को शाम होते-होते राहत मिली। दोपहर बाद शहर के कई क्षेत्रों में बादलों ने डेरा डाल लिया और बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ। इसके बाद शाम करीब पांच बजे 20 मिनट तक मध्यम से तेज बारिश हुई। प्री-मानसून की पहली बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।

गर्मी उमस से राहत

बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और तापमान में खासी गिरावट महसूस की गई। पिछले कुछ दिन से उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। शाम के समय फतहसागर, दूधतलाई और अन्य पर्यटन स्थलों पर मौसम का आनंद लेने के लिए लोगों की मौजूदगी रही।

पूर्वानुमान: जारी रहेगा क्रम

आगामी दिनों में भी खंड वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। अलग-अलग स्थानों पर बादल सक्रिय होकर हल्की से मध्यम बारिश करा सकते हैं। यदि मानसूनी प्रणाली की गति इसी प्रकार बनी रहती है तो मेवाड़ में मानसून की दस्तक भी जल्द देखने को मिल सकती है। फिलहाल गर्मी से राहत देने के साथ ही मानसून के निकट होने का स्पष्ट संकेत मिले हैं।

स्वागत द्वार गिरा, वाहन क्षतिग्रस्त

बरसात शुरू होने से पहले तेज हवा के कारण बापू बाजार में एक स्वागत द्वार गिर गया। इससे दो कारें और चार दुपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान बाजार में आवाजाही प्रभावित हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान आसपास लोग मौजूद नहीं थे, वरना जनहानि हो सकती थी। हादसे में बाल बाल बचे लोगों ने हल्ला किया तो अफरा-तफरी मच गई। बाद में क्रेन मंगवाकर गेट को हटाया गया। यह द्वार प्रताप जयंती के मौके पर व्यवसायियों की ओर से लगाया गया था।

टॉपिक एक्सपर्ट

उदयपुर सहित मेवाड़ में मानसून से पूर्व की गतिविधियां शुरू हो गईं हैं। बुधवार को हुई मानसून से पूर्व की बरसात है। बंगाल की खाड़ी की शाखा का मानसून उत्तर और उत्तर पश्चिमी की ओर मन्द गति से बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मेवाड़ हाड़ौती में नमी पहुंच रही है, जिससे यह बरसात हो रही है, जो आगे भी खण्ड बरसात के रूप में जारी रहेगी।

  • प्रो. नरपतसिंह राठौड़, मौसमविद