बाड़मेर

बाड़मेर में घर के बाहर खेल रही थी मासूम,अचानक सिर के ऊपर से निकल गई पिक अप,दर्दनाक खबर जानकर सहम जाएंगे आप

दानजी की हौदी क्षेत्र में हादसा-गाड़ी को बैक लेते समय कुचला-एक अन्य बालिका गंभीर घायल-गाड़ी का चालक मौके से फरार

2 min read
May 14, 2018
Pickup crushed,minor Girl,playing outside the house
Pickup crushed minor Girl playing outside the house in barmer

बाड़मेर. घर के बाहर खेल रही दो बच्चियां रविवार सुबह हादसे का शिकार हो गईं। पिकअप को बैक लेने के दौरान पीछे का टायर चार साल की एक बालिका के सिर के ऊपर से निकल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ खेल रही एक अन्य 5 साल की मासूम टक्कर से गंभीर घायल हो गई। सूचना पर ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
एएसआई पूनमाराम के अनुसार वीदासर निवासी कमलराम ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्र धनीता (4) व पड़ोसी राणाराम की पुत्री अनिता (5) दोनों घर के बाहर गली में खेल रही थीं। इस दौरान पिकअप चालक ने लापरवाही से बैक लेते हुए दोनों मासूमों को चपेट में ले लिया। पिकअप के पीछे का टायर धनीता के सिर के ऊपर से निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनिता हादसे में गंभीर घायल हो गई। उसे राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार चल रहा हैं।

चालक मौके से फरार
हादसे के बाद वाहन चालक शैतान पुत्र रणछाराम निवासी नागौर गाड़ी लेकर फरार हो गया। इस बीच चालक का पिता गाड़ी से नीचे उतरा हुआ था। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।

मसाला बेचने आए थे बाड़मेर
नागौर से पिकअप लेकर पिता-पुत्र मसाला बेचने के लिए यहां आए थे। शहर के गली-मोहल्लों में मसाला बेच रहे थे। रविवार को दानजी की हौदी क्षेत्र में मसाला बेचने के लिए आए हुए थे, यहां एक गली में गाड़ी को बैक लेने के दौरान पीछे खेल रही दो बालिकाओं को चपेट में ले लिया।

मौके पर लगी भीड़
हादसे से गली में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। घर के बाहर खेल रही मासूम के साथ हादसे पर लोग आक्रोशित नजर आए। उनका कहना था कि चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाई, जिससे मासूम बच्चियां चपेट में आई हैं।

Published on:
14 May 2018 08:41 am