बाड़मेर

Pachpadra Refinery : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिफाइनरी लोकार्पण का काउंटडाउन, पुलिस ने जारी किया ये ‘स्पेशल प्लान’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को पचपदरा रिफाइनरी शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर जोधपुर रेंज पुलिस और बालोतरा प्रशासन ने अभेद्य यातायात प्लान लागू कर दिया है। सुचारू व्यवस्था के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आमजन को परेशानी न हो।

2 min read
Apr 20, 2026
रिफाइनरी लोकार्पण सभास्थल के चारों तरफ प्रधानमंत्री के कटआउट पोस्टर्स
रिफाइनरी लोकार्पण सभास्थल के चारों तरफ प्रधानमंत्री के कटआउट पोस्टर्स

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम का काउंटडाउन अब घंटों में सिमट गया है। मंगलवार को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए जोधपुर रेंज आईजी सत्येन्द्र सिंह के निर्देशन में एक व्यापक यातायात एवं पार्किंग प्लान लागू किया गया है। यदि आप भी इस सभा का हिस्सा बनने जा रहे हैं या इस रूट से गुजरने वाले हैं, तो प्रशासन द्वारा जारी किए गए इन नए नियमों को जानना आपके लिए अनिवार्य है।

कहां खड़ी होगी आपकी गाड़ी? 10 पार्किंग जोन का गणित

प्रशासन ने विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग को डिजिटल कोड और नंबरों में बांटा है :

  • जोधपुर, नागौर, अजमेर व ब्यावर: इन जिलों से आने वाली बसें पार्किंग संख्या 6, 7 और 8 में खड़ी होंगी। छोटे वाहनों के लिए पार्किंग-5 और बाइक के लिए पार्किंग-9 तय की गई है।
  • बाड़मेर व जैसलमेर: यहाँ से आने वाले छोटे वाहन सांभरा माता मंदिर के सामने पार्किंग-2 में खड़े होंगे, जबकि बसें हाईवे के दाईं ओर पार्किंग-4 में रहेंगी।
  • उदयपुर, सिरोही, जालोर व पाली: इन रूट के छोटे वाहनों के लिए पार्किंग-1 और 10 निर्धारित की गई है, जबकि बसें पार्किंग-4 का उपयोग करेंगी।
  • VIP और सरकारी वाहन: वीआईपी पास धारकों के लिए नेशनल हाईवे-25 पर पार्किंग-3 और सरकारी छोटे वाहनों के लिए पार्किंग-5 आरक्षित है।
पुलिस अफसरों के साथ व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते सांसद मदन राठौड़

भारी वाहनों के लिए 'रेड सिग्नल': इन रास्तों पर डायवर्जन

ट्रक, ट्रेलर और टैंकरों के लिए रिफाइनरी क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा:

  1. बाड़मेर से जोधपुर: भारी वाहन बायतू से पहले फलसुंड फांटा होकर गिड़ा-पाटोदी के रास्ते कल्याणपुर जाएंगे।
  2. सांचौर व गुड़ामालानी: यहाँ से आने वाले वाहन भारतमाला रोड का उपयोग करेंगे।
  3. बालोतरा से जोधपुर: भारी वाहनों को मुंगड़ा सर्किल, उमरलाई और धवा रोड से डायवर्ट किया गया है।
  4. महत्वपूर्ण सूचना: भारतमाला रोड से पचपदरा कस्बे की ओर किसी भी निजी या भारी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

हेल्पलाइन नंबर: परेशानी होने पर यहाँ करें फोन

ट्रैफिक जाम या रास्ते की जानकारी के लिए पुलिस ने विशेष कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं:

  • डायल: 100
  • लैंडलाइन: 02988-220010
  • मोबाइल: 9530438083

एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाएं रहेंगी 'फ्री'

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात प्लान के दौरान एम्बुलेंस, दमकल और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों पर कोई डायवर्जन लागू नहीं होगा। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्बाध रास्ता दिया जाएगा।

पचपदरा रिफाइनरी: पश्चिमी राजस्थान का नया अध्याय

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा रिफाइनरी के लोकार्पण के साथ ही राजस्थान को दुनिया के पेट्रोकेमिकल मानचित्र पर स्थापित कर देगा। सुरक्षा के लिए हज़ारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।

Published on:
20 Apr 2026 09:57 am