बाड़मेर

राजस्थान में यहां 19.22KM हाईवे होगा फोरलेन, 485.88 करोड़ रुपए मंजूर; अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे से होगा कनेक्ट

पचपदरा रिफाइनरी तक पहुंचने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर सफर अब सुगम होगा। पचपदरा बायपास से पटाऊ इंटरचेंज तक 19.22 किमी सड़क फोरलेन की जाएगी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 8:12 AM IST
Rajasthan Four Lane Highway
राजस्थान में फोरलेन हाईवे निर्माण। फोटो: एआई

योगेंद्र सेन

बाड़मेर। पचपदरा रिफाइनरी तक पहुंचने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर सफर अब सुगम होगा। पचपदरा बायपास से पटाऊ इंटरचेंज तक 19.22 किमी सड़क फोरलेन की जाएगी। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 485.88 करोड़ रुपए मंजूर किए है। सड़क चौड़ी होने से रिफाइनरी तक आने-जाने वाले भारी वाहनों को राहत मिलेगी। साथ ही बालोतरा के औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

इस मार्ग पर रिफाइनरी और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ यातायात का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क का फोरलेन होना जरूरी माना जा रहा था। परियोजना के तहत प्रमुख चौराहों पर ग्रेड सेपरेटेड स्ट्रक्चर भी बनाए जाएंगे, ताकि जाम से राहत मिले और वाहनों की आवाजाही सुगम हो। इससे यात्रा का समय घटने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

एक्सप्रेस-वे और फ्रेट कॉरिडोर से बेहतर संपर्क

पटाऊ इंटरचेंज पर यह मार्ग अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे (एनएच-754ए) से जुड़ेगा। इससे रिफाइनरी और बालोतरा के औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले वाहनों को बड़े राजमार्ग नेटवर्क तक सीधी पहुंच मिलेगी। वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से संपर्क भी मजबूत होगा। इससे रिफाइनरी, रीको औद्योगिक क्षेत्रों और व्यापारिक गतिविधियों को फायदा मिलेगा। खनिज, पेट्रोलियम उत्पाद और अन्य औद्योगिक सामान की ढुलाई में समय और खर्च कम होगा।

पचपदरा-जोधपुर हाईवे भी फोरलेन हो

इस परियोजना से क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी। बेहतर सड़क सुविधा से यात्रा का समय घटेगा और सड़क सुरक्षा में सुधार आएगा। व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। पचपदरा से जोधपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-25 को भी फोरलेन करने की स्वीकृति शीघ्र जारी की जाए। इससे क्षेत्र में आवागमन के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
-उम्मेदाराम बेनीवाल, सांसद, बाड़मेर-जैसलमेर