बाड़मेर. सरहद की रेत में दफन युद्ध की यादें, दुश्मन के टैंकों को ध्वस्त करने वाले रणबांकुरों का शौर्य और देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों की वीरगाथाएं… बाड़मेर की धरती पर इतिहास का ऐसा गौरवशाली अध्याय मौजूद है, जिसे पर्यटन की नई पहचान बनाया जा सकता है। जैसलमेर में वॉर म्यूजियम और लोंगेवाला युद्धस्थल हर साल हजारों पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। इसी तर्ज पर बाड़मेर में वॉर म्यूजियम विकसित कर मुनाबाव बॉर्डर सहित सीमावर्ती क्षेत्र के ऐतिहासिक और सामरिक महत्व वाले स्थलों को पर्यटन से जोड़ने की संभावनाएं हैं। इससे न केवल सैन्य विरासत को सहेजने का अवसर मिलेगा, बल्कि सीमांत क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए रास्ते भी खुल सकते हैं।