बाड़मेर

राजनीति क्षेत्र के शुद्धिकरण में साफ छवि के लोग निभाएं भूमिका

पत्रिका चेंजमेकर बदलाव के नायक महाअभियान

2 min read
पत्रिका चेंजमेकर बदलाव के नायक महाअभियान

कल्याणपुर. राजस्थान पत्रिका के चेंजमेेकर बदलाव के नायक महाअभियान को लेकर रविवार को कस्बे के पत्रिका कार्यालय में परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों व शिक्षाविदों ने भाग लिया। राजनीति में बढ़ते भष्ट्राचार, अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने इसके शुद्धिकरण के लिए स्वच्छ छवि के लोगों के राजनीति क्षेत्र में आने की जरूरत की बात कही। इससे स्वस्थ व मजबूत राष्ट्र का निर्माण हो सकता है।
व्यू- विगत एक दशक से राजनीति क्षेत्र में बहुत गिरावट आई है। राजनेताओं के नैतिक मूल्यों में बड़ी कमी आने से देश व समाज में कई प्रकार की विकृतियां पनपी हैं। इससे आमजन परेशान है। स्वच्छ छवि के लोगों के आने पर ही इसमें सुधार संभव है। वर्तमान समय में इसकी सबसे अधिक जरूरत है। - बद्रीसिंह राजपुरोहित

राजनीति क्षेत्र में भष्ट्राचार व अपराध कम होने की बजाय तेजी से बढ़ रहा है। स्वार्थ की राजनीति हावी होने पर स्वच्छ छवि के लोग इससे दूर होते जा रहे हैं। स्वच्छ लोग राजनीति में भाग लेना तो दूर मतदान करना तक पसंद नहीं करते हैं। इससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। स्वच्छ छवि के लोग एकजुट होकर आगे आएं। - भाखरराम पटेल
पूर्व के वर्षों में राजनीति क्षेत्र में ईमानदारी का विशेष स्थान था, लेकिन विगत एक दशक में राजनीति क्षेत्र में धनबल के अधिक बढ़ेे महत्व पर ईमानदार लोगों के लिए राजनीति क्षेत्र में कोई जगह नहीं बची है। इससे देश व समाज में कई विकृतियां पनपी हैं। स्वच्छ व ईमानदार लोगों को चुनकर ही लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सकता है। - खीमाराम चौधरी

राजनीति दलों में अब सिद्धांत तेजी से खत्म हो रहे हैं। अब जीताऊ उम्मीदवार ही राजनीतिक दलों की पहली पसंद बने हुए हैं। वे चाहे किसी दल व विचारधारा के हों। इससे स्वार्थ की राजनीति बढ़ रही है। आमजन परेशान है, इसलिए सैद्धांतिक लोगों की सख्त जरूरत है। इससे ही लोकतंत्र को बचाया जा सकता है। - लक्ष्मणसिंह राजगुरु
राजनीति क्षेत्र में अब लोग सेवा के लिए नहीं प्रसिद्धि व पैसों के लिए आ रहे हैं। सेवा गौण हो गई है। इससे गरीब और गरीब होता जा रहा है। योजनाओं के नाम पर गरीबों के साथ छलावा किया जा रहा है। बुनियादी ठोस कार्य नहीं किए जा रहे हैं। इससे देश आज भी पिछड़ा हुआ है। वर्तमान में राजनीति में सेवा भावी लोगों की बड़ी जरूरत है। - पेपसिंह दहिया

वर्तमान समय में राजनीति क्षेत्र में प्रत्याशी व मतदाता एक-दूसरे के साथ छलावा कर रहे हैं। प्रत्याशी धन व बल के साथ चुनाव जीतते तो मतदाता लालच में आकर अयोग्य प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करते हैं। इससे लोकतंत्र दिन ब दिन कमजोर हो रहा है। इसमें अपराधी हावी हो रहे हंै। ईमानदार लोग एकजुट होकर सुधार का कार्य करें। - रणवीरसिंह सरवड़ी
लोकतंत्र प्रणाली में सख्त व प्रभावी कानून नहीं होने से राजनेता गलत कार्य करने के बाद भी बचकर निकल जाते हैं। मुकदमों में ही वर्षों बीत जाते हैं। अंत में वे निर्दोष साबित होते हैं। इससे गलत कार्य करने को लेकर हौड़ सी मच गई है। सख्त व प्रभावी कानून बनाकर ही अपराधी प्रवृत्ति के जनप्रतिनिधियों को रोका जा सकता है। ऐसा करने से ही लोकतंत्र प्रणाली मजबूत होगी। - सागरराम विश्नोई

ये भी पढ़ें

मुनि तरुण सागर महाराज आज करेंगे सीकर में प्रवेश, पुष्पवर्षा से होगा स्वागत, शाही लवाजमे के साथ निकलेगा जुलूस
Published on:
08 Apr 2018 07:50 pm
Also Read
View All