बाड़मेर

समदड़ी- सिवाना मार्ग पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 17 घायल

चलती बस में चालक वसूल रहा था किराया, हो गया हादसा- दो को किया रैफर, अस्पताल में लगी भीड़
2 min read
समदड़ी- सिवाना मार्ग पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 17 घायल
समदड़ी- सिवाना मार्ग पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 17 घायल

-

समदड़ी. समदड़ी से सिवाना जा रही एक निजी यात्री बस शुक्रवार को बामसीन सरहद के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए। दो गंभीर घायलों को उपचार के लिए बालोतरा व जोधपुर रैफर किया गया। घायलों को 108 एम्बुलेंस व निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र समदड़ी लाया। घटना की सूचना मिलते ही समदड़ी अस्पताल में ग्रामीण एकत्रित हो गए।

यात्रियों से खचाखच भरी कच्छवाह ट्रैवल्स की बस समदड़ी से सिवाना जा रही थी। इस दौरान करमावास गांव के आगे बामसीन सरहद में सुबह करीब 11 बजे चालक ने बस से नियन्त्रण खो दिया, जिससे वह पलट बबूल की झाडिय़ों में फंस गई। बस के पहिए ऊपर की तरफ हो गए। बस पलटी खाते की यात्रियों में कोहराम मच गया। बस के साइड वाली खिड़कियां व शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। जानकारी पर थानाधिकारी धोलाराम माली मय पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचे। 108 एम्बुलेंस पायलट धर्मेन्द्र सोनी, ईएमटी रमेश वैष्णव ने घायलों को समदड़ी अस्पताल पहुंचाया। कुछ यात्रियों को निजी वाहनों से भी अस्पताल लाया गया।
अस्पताल में लगी भीड़- समदड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में घायलों को देखने कस्बे से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। एक वार्ड घायलों से भर गया। किसी के सिर पर तो किसी के पेट, हाथ व पैर में चोट लगी थी। चिकित्साकर्मियों ने सभी घायलों का उपचार प्रारम्भ किया गया। इसमें स्थानीय जानकार लोगो ने भी सहायता कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।

चालक पर लापरवाही का आरोप - प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निजी यात्री बस के पलटने की वजह बस चालक की लापरवाही है। बस में किराए लेने के लिए परिचालक नही था। इस पर यात्रियों से चालक बस चलाते हुए किराया ले रहा था। बामसीन सरहद के पास बस की गति भी तेज थी। इसी दौरान चालक एक यात्री से किराया वसूल रहा था। इस दरम्यान बस अनियन्त्रित हो सड़क के किनारे पलट बबूल की झाडिय़ों में फंस गई। चालक बस छोड़ मौके से फरार हो गया।
ये हुए घायल- बस दुर्घटना में 17 यात्री घायल हो गए। सतकी (10) पुत्री राणाराम,मोहनकंवर (78) पत्नी नेनसिंह, रामेश्वरी (62) पत्नी सोमाराम, भावेश (17) पुत्र पोलाराम निवासी सिवाना, असकी (14) पुत्री भीमाराम, जेठूसिंह (42) पुत्र खीमसिंह, सुमटी (36) पत्नी रणछोडऱाम निवासी अजीत, चौथाराम (65) पुत्र मंगलाराम निवासी ढ़ीढ़स, पिन्टु (13) पुत्र कन्हैयालाल निवासी समदड़ी, माफाकंवर (30) पत्नी रूपसिंह, उषाकंवर (10) पुत्री रूपसिंह , पप्पुसिंह (12) पुत्र रूपसिंह, रूपसिंह पुत्र हमीरसिंह (35) सभी निवासी देवड़ा, दरिया (35) पत्नी शेराराम निवासी करमावास, मंजु (52) पत्नी पारसमल निवासी मजल, सोरमकंवर (38) पत्नी रेवतसिंह निवासी तेलवाड़ा, शाबिर (38) पुत्र हनीफ घायल हो गए। इसमें से मंजु को जोधपुर व एक अन्य को बालोतरा रैफ र किया गया। निसं.

सत्रह यात्री हुए घायल - बस पलटने पर सभी घायल यात्रियों को समदड़ी अस्पताल लाकर उपचार करवाया गया। 17 यात्री घायल हुए है। जिनका उपचार जारी है। दुर्घटना का कारण सामने नही आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - धोलाराम माली, थानाधिकारी समदड़ी

Updated on:
09 Nov 2018 08:21 pm
Published on:
09 Nov 2018 08:21 pm