- 2.15 करोड़ लागत की मशीन खरीद के लिए वर्क आर्डर जारी- डेढ़ माह में बालोतरा पहुंचेगी मशीन
बालोतरा.
नगर के औद्योगिक कारखानों से सीईटीपी ट्रस्ट तक बिछाई लाइन के चॉक होने से फैलने वाले दूषित पानी से परेशान उद्यमियों व श्रमिकों को शीघ्र निजात मिलेगी। रीको व सीईटीपी ट्रस्ट के संयुक्त हिस्सेदारी में 2 करोड़ 15 लाख रुपए लागत में अत्याधुनिक सुपर शॉकर मशीन खरीदने पर यह संभव होगा। ट्रस्ट ने इसके लिए टेण्डर जारी किए हैं।
नगर के वस्त्र कारखानों से निस्तारित प्रदूषित पानी सीईटीपी प्लांट में उपचारित किया जाता है। पूर्व में खुले नालों से सीईटीपी प्लांट तक पानी पहुंचता था, लेकिन इससे जल प्रदूषण फैलने पर रीको ने कारखानों से प्लांट तक भूमिगत लाइन बिछाई। इससे भी समस्या हो गई, क्योंकि कारखानों से छोड़े जाने वाले प्रदूषित पानी में जमा स्लज के पाइप में जमा होने पर लाइन चॉक लाइन हो जाने से हौदियों से प्रदूषित पानी निकलकर सड़कों पर जमा होता है। पाइप लाइनों में जमा स्लज को निकालने को लेकर ट्रस्ट के पास दो जेटिंग मशीन है, इसकी क्षमता अधिक नहीं होने पर यह सीमित ही कार्य कर पाती है। इस पर सड़कों पर फैले दूषित पानी व जमा स्लज को लेकर आमजन को दिक्कतें उठानी पड़ती है।
अत्याधुनिक मशीन करेगी सफाई- औद्योगिक क्षेत्र में बिछी पाइप लाइन में जमा स्लज की सफाई के लिए रीको व सीईटीपी ट्रस्ट ने संयुक्त हिस्सेदारी में सुपर शॉकर मशीन खरीदने का निर्णय लिया है। 2 करोड़ 15 लाख कीमत की इस मशीन की खरीद में रीको 1 करोड़ 50 लाख रुपए व सीईटीपी ट्रस्ट 65 लाख रुपए वहन करेगा। पांच गाडिय़ों वाली इस आधुनिक मशीन में सेक्शन, प्रेशर, टूल मशीनें आदि लगी हुई हैं। यह पाइप लाइन में जमा व सूखा स्लज भी आसानी से निकालेगी। इसकी खरीद के लिए वर्क आर्डर जारी किया गया है। एक से डेढ़ माह में मशीन बालोतरा पहुंचेगी।
सुपर शॉकर मशीन का वर्क ऑर्डर जारी - सुपर शॉकर मशीन के लिए वर्क आर्डर जारी कर दिया है, एक से डेढ़ माह में मशीन पहुंचेगी। इसके आधुनिक व कार्य क्षमता अधिक होने पर बेहतर सफाई होगी। इससे प्रदूषित पानी की समस्या का हल होगा। -प्रवीण गुप्ता, क्षेत्रीय मण्डल अधिकारी रीको बालोतरा