
बालोतरा.बोरावास में एक सप्ताह पूर्व रहवासी ढ़ाणी के पास संदिग्धावस्था में अधेड़ की मौत के मामले में मंगलवार को पचपदरा पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस के अनुसार मृतक सहयोगी के साथ अहमदाबाद व बेंगलूरु में चोरी में असफल रहने पर ढ़ाणी में लूट की वारदात को अंजाम देने की नियत से गया था। इस दौरान ढाणी में महिला से संघर्ष के दौरान लाठी की चोट लगने व भागते वक्त पत्थर से टकराने से उसकी मौत हो गई।
यूं हुआ खुलासा- पचपदरा थाना क्षेत्र के बोरावास गांव में 31 अक्टूबर मध्य रात्रि बाद एक अधेड़ की संदिग्ध मौत को गई थी। प्रारंभिक जांच में मृतक लखसिंह की अन्तिम बात राजुसिंह पुत्र भंवरलाल जाट निवासी खारड़ा (गिड़ा) से होने की बात सामने आई। इस पर पुलिस ने राजूसिंह को दस्तयाब कर पूछताछ की गई। उसने बताया कि लखसिंह से पहचान गूगड़ी (बागुंडी) निवासी बजरंगसिंह पुत्र सुलतानसिंह राजपूत के जरिए ही हुई थी। लखसिंह व बजरंगसिंह पूर्व में उसकी गाड़ी किराए लेकर गए थे। किराया बकाया होने पर लखसिंह से बात की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मंगलवार शाम पचपदरा-बागुंडी मार्ग पर बाइक से जा रहे बजरंगसिंह को दस्तयाब किया।
रूपए की तंगी पर वारदात के लिए पहुंचे- पुलिस की कड़ी पूछताछ में बजरंगसिंह ने बताया कि करीब दो साल पहले उसके लड़के के रिश्ते को लेकर उसकी पहचान लखसिंह पुत्र सतीदानसिंह जाति राजपूत निवासी सियों की ढाणी (ख्याला, फतेहगढ़) हुई थी। करीब एक माह पूर्व वह बेंगलूरु गया था। पन्द्रह दिन बाद लखसिंह भी वहांआ गया। वहां पर चोरी करने की योजना बनाई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद 29 अक्टूबर को वह तथा लखसिंह अहमदाबाद गए। वहां पर कई स्थानों पर रैकी की, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इस दौरान बोरावास में तिलवाड़ा रेलवे फाटक के पास सुनसान इलाके में खींयाराम जाट की ढ़ाणी में उसकी पत्नी के अकेले होने की जानकारी होने पर उसकी ढ़ाणी को लूट के लिए निशाना बना, वहां से वारदात को अंजाम देने के लिए रवाना हो गए। 31 अक्टूबर को शाम को दोनों बालोतरा पहुंच गए। यहां पर दोनों बजरंगसिंह की बाइक पर बोरावास के लिए रवाना हो गए। रास्ते में एक मंदिर के पास बैठ दोनों ने शराब पी । पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार लखसिंह एक टॉर्च लेकर एवं चेहरे पर तोलिया डाल खींयाराम की ढाणी तरफ चला गया तथा वह मोटर साईकिल के पास सड़क पर लखसिंह का इंतजार करने लगा। कुछ समय बाद खींयाराम की पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुन वहां से बंद हैड लाइट में मोटरसाइकिल लेकर रवाना हो गया। इसके बाद काफी देर तक सड़क पर इधर-उधर लखसिंह की तलाश की, लेकिन सुबह उसकी मौत होने की जानकारी मिली। बजरंगसिंह के विरूद्ध में भी गुजरात समेत अन्य राज्यों में चोरी व लूट के कई मामले दर्ज हैं।
दौड़ते समय लगी चोट- मंगलवार शाम को बजरंगसिंह बाइक पर सवार होकर बागुंडी की ओर जा रहा था। इस दौरान इसे गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम को देख बजरंगसिंह ने भागने का प्रयास किया, इस दौरान गिरने से पैर में चोट आ गई। इसके बाद पुलिस ने दस्तयाब कर लिया।
एक जने को किया गिरफ्तार -बोरावास गांव में एक जने की हत्या के मामले में एक जने को गिरफ्तार किया गया। इसने मृतक के साथ लूट की योजना बनाई थी। मृतक रात के समय में लूट की वारदात के लिए महिला की ढ़ाणी में गया था। घटना में घायल महिला अभी अस्वस्थ है, जिसके चलते पूछताछ नहीं हो पाई है। - देवेन्द्रसिंह कविया, थानाधिकारी पचपदरा