बाड़मेर

Balotra News: बालोतरा में बड़ा हादसा, पानी के गहरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

Balotra Children Drowning Case: बालोतरा जिले में सीवरेज के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
2 min read
Jun 09, 2026
Children died in Balotra
घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़। फोटो- पत्रिका

बालोतरा/पचपदरा। जिले के पचपदरा क्षेत्र स्थित मंडापुरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घर से खेलने निकले तीन मासूम बच्चों की सीवरेज के गंदे पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी।

यह वीडियो भी देखें

चप्पलों ने खोला हादसे का राज

जानकारी के अनुसार मंडापुरा की भील बस्ती निवासी किशन (8) पुत्र गिरधारीराम भील, सोहन (7) पुत्र खेताराम भील और विकास (9) पुत्र गोविंद भील मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे घर से खेलने के लिए निकले थे। काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने भी आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

तलाशी के दौरान घर के पास स्थित सीवरेज के गंदे पानी से भरे गहरे गड्ढे में बच्चों की चप्पलें तैरती दिखाई दीं। इससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम और ग्रामीणों की मदद से शाम करीब पांच बजे तीनों बच्चों के शव गड्ढे से बाहर निकाले गए। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

हादसे की वजह बनी सीवरेज निकासी की समस्या

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंडापुरा ग्राम पंचायत की भील बस्ती में कुछ घरों के सीवरेज की निकासी के लिए लाइन डाली गई थी, जो आगे जाकर समाप्त हो जाती है। इसके कारण दूषित पानी आसपास के खाली भूखंडों में फैलने लगा। पानी के फैलाव को रोकने के लिए एक व्यक्ति ने भूखंड में करीब छह से सात फीट गहरा गड्ढा खुदवा दिया था। इसी गड्ढे में डूबने से तीनों बच्चों की मौत हुई।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार, उपखंड अधिकारी राजेश कुमार विश्नोई, पचपदरा थानाधिकारी गीता कुमारी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गड्ढा खोदने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उपखंड अधिकारी ने बताया कि भूखंड के स्वामित्व एवं गड्ढा खोदने की अनुमति से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही बाड़मेर जिले के सदर थाना क्षेत्र में मालपुरा से नोखड़ा जाने वाली सड़क पर स्थित एक टांके में युवक का शव मिला था। युवक दो दिन से लापता था। टांके के पास मिले बैग के आधार पर उसकी पहचान की गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

Updated on:
09 Jun 2026 08:46 pm
Published on:
09 Jun 2026 06:19 pm